बरवा अड्डा मर्डर कांड: गिरफ्तार चाचाओं की नरसंहार करने की योजना थी,कैसे निर्मम ढंग से कर दी भतीजे की हत्या?
धनबाद के बरवा अड्डा थाना क्षेत्र के बिराजपुर पंचायत में सोमवार की सुबह हुई सनसनीखेज रिश्तों के खून के मामले में चौंकाने वाले खुलासे सामने आए है.
धनबाद(DHANBAD): धनबाद के बरवा अड्डा थाना क्षेत्र के बिराजपुर पंचायत में सोमवार की सुबह हुई सनसनीखेज रिश्तों के खून के मामले में चौंकाने वाले खुलासे सामने आए है. हत्या के दो आरोपियों की तैयारी नरसंहार करने की थी, लेकिन उनका भतीजा रास्ते में ही मिल गया और उसे आरोपियों ने तलवार से काट दिया। इस बात की पुष्टि धनबाद के सिटी एसपी ऋतिक श्रीवास्तव ने भी मंगलवार को प्रेस वार्ता में की है. यह अलग बात है कि पुलिस ने आरोपी त्रिवेणी महतो और उसके भाई सूर्यकांत महतो को गिरफ्तार कर लिया है.
पुलिस ने चाचाओं की गिरफ़्तारी के बाद तलवार भी बरामद कर ली
हत्या में इस्तेमाल किया गया तलवार भी बरामद कर ली गई है. अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. बता दें कि सोमवार की सुबह करीब 7:00 बजे दो चचाओं ने मिलकर अपने भतीजे की हत्या कर दी थी. जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह आरोपी दोनों भाई बाइक से निकले और वह भतीजे दौलत राम महतो के घर की ओर बढ़ रहे थे. उनकी योजना पूरे परिवार की हत्या करने की थी. लेकिन रास्ते में दौलत राम मिल गया. पहले आरोपियों ने दौलत राम के हाथ पर तलवार से वार किया, जिससे उसका हाथ कट गया, इसके बाद वह बाइक छोड़कर जान बचाने के लिए घर की ओर भागने लगा. आरोप है कि दोनों भाइयों ने उसका पीछा किया और दोबारा तलवार से हमला कर दिया।
सड़क पर गिरने के बाद तलवार से काट डाला
दौलत राम सड़क पर गिर पड़ा. इसके बाद तलवार से वार कर उसका सिर धड़ से अलग कर दिया। हत्या के बाद दोनों आरोपी बाइक से फरार हो गए. पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी सूर्यकांत महतो और प्रोफेसर त्रिवेणी महतो ने बताया कि दौलत राम महतो मजदूरी करता था. वह नशा कर घर आता और महिला -पुरुष सदस्यों के साथ अक्सर गाली-गलौज करता था. वह कभी-कभी मारपीट पर भी उतारू हो जाता था. इससे दोनों भाई परेशान थे. आरोपियों ने बताया कि रोज-रोज के विवाद से तंग आकर वह दौलत राम के पूरे परिवार को खत्म करने की मंशा से अपने घर से निकले थे, लेकिन रास्ते में दौलत राम मिल गया और उसकी हत्या कर फरार हो गए. बाद में पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया.