बरवाअड्डा थाना बना रणक्षेत्र, जयराम महतो के सामने भिड़े विधायक-मुखिया समर्थक, अब क्या होगा?

धनबाद के बरवाअड्डा थाना परिसर में विधायक जयराम महतो और मुखिया यशोदा देवी के समर्थकों के बीच विवाद के बाद मारपीट हो गई. मामला फर्जी हस्ताक्षर से प्रमाण पत्र बनाने के आरोप से जुड़ा है.

बरवाअड्डा थाना बना रणक्षेत्र, जयराम महतो के सामने भिड़े विधायक-मुखिया समर्थक, अब क्या होगा?

धनबाद (DHANBAD): धनबाद के बरवा अड्डा थाना में शुक्रवार की रात खूब हंगामा हुआ. यह हंगामा तब और बढ़ गया जब विधायक जयराम महतो और मुखिया के समर्थक आमने सामने हो गए. यह विवाद आरोपी की पैरवी को लेकर शुरू हुआ,जो मारपीट में बदल गया. 

डुमरी विधायक जयराम महतो और बड़ा पिछड़ी पंचायत की मुखिया यशोदा देवी के समर्थकों में धक्का मुक्की और मारपीट हो गई. सूत्र बताते हैं कि विवाद इतना बढ़ गया कि थाना प्रभारी के कक्ष में ही दोनों पक्षों के बीच कथित रूप से मारपीट हो गई. घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया.  

फर्जी  हस्ताक्षर से जाति, आवासीय प्रमाण पत्र और वंशावली तैयार किए जाने के आरोप से जुड़ा है. यह विवाद मुखिया यशोदा देवी की शिकायत से शुरू हुआ. मुखिया ने गांव के ही गणेश दास पर कथित तौर पर उनके फर्जी हस्ताक्षर का इस्तेमाल का आरोप लगाया. इस मामले में बरवा अड्डा थाने में मामला भी दर्ज हुआ है. गणेश दास को JLKM के एससी मोर्चा का जिला सचिव बताया जा रहा है. 

पुलिस के अनुसार गणेश दास को पूछताछ के लिए बुलाया गया था. थाना नहीं पहुंचने पर नोटिस देने पुलिस उनके घर पहुंची. आरोप है कि इस दौरान गणेश दास और  परिजनों की पुलिस कर्मियों के साथ बकझक हुई. इसके बाद पुलिस गणेश दास को हिरासत में लेकर थाना ले आई.  गणेश दास को थाना लाने की सूचना जेएलकेएम के नेताओं ने विधायक जयराम महतो को दी. इसके बाद विधायक थाना प्रभारी से फोन पर बात की और कुछ देर बाद समर्थकों के साथ बरवा अड्डा थाना पहुंच गए. 

सूत्रों के अनुसार थाने में तीखी बहस हुई. विधायक के थाना पहुंचने की सूचना पर मुखिया समर्थक भी थाना पहुंच गए. उसके बाद दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई और यह बहस हिंसक रूप ले लिया. विधायक ने गणेश दास के साथ पुलिस पर मारपीट का आरोप लगाया है. उन्होंने पुलिस कार्रवाई को लेकर नाराजगी जताई . देखना होगा इस मामले में आगे होता है क्या.