बहुचर्चित रिंग रोड घोटाला: बिहार का पुजारी कैसे फंसा "मगरमच्छों" की जाल में,पढ़िए विस्तार से
धनबाद के बहुचर्चित रिंग रोड मुआवजा घोटाले के मामले में एक रोचक तथ्य सामने आया है. जिस पुजारी के खाते में 6.32 करोड़ रुपए जमा हुए थे, उसकी आर्थिक स्थिति आज भी बदहाल है.
धनबाद(DHANBAD): धनबाद के बहुचर्चित रिंग रोड मुआवजा घोटाले के मामले में एक रोचक तथ्य सामने आया है. जिस पुजारी के खाते में 6.32 करोड़ रुपए जमा हुए थे, उसकी आर्थिक स्थिति आज भी बदहाल है. सूत्रों के अनुसार जांच में पता चला है कि पुजारी को घोटाले के मगरमच्छों ने "मोहरा" बनाया। उसे तो कुछ मालूम भी नहीं था और वह एक बड़े घोटाले में फंस गया था. सूत्रों के अनुसार एसीबी की जांच में यह बात सामने आई है कि पुजारी को पेंशन का झांसा देकर बिहार के अरवल से धनबाद लाया गया था. इस घोटाले के मास्टरमाइंड और उसके सहयोगियों ने धनबाद में पेंशन दिलाने का पुजारी को झांसा दिया था.
सरायढेला के एक बैंक में खुलवाया गया था खाता
पुजारी नरसिंह दास को सरायढेला के एक बैंक में खाता खुलवाया गया था. खाता खुलवाने वालों ने उसके हस्ताक्षर वाले ब्लैंक चेक और पासबुक अपने पास रख लिए थे. मुआवजा घोटाले की राशि उसके बैंक खाते में ट्रांसफर कराई गई और फिर उसके बगैर किसी जानकारी के पैसे निकाल लिए गए. हालांकि इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो रही है, लेकिन सूत्र दावा कर रहे हैं कि पुजारी तो एक मोहरा है, इसके पीछे बड़े-बड़े शातिर लोग खड़े थे. बताया जाता है कि इस मामले में 30 से अधिक लोग आरोपी हैं. कई लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है. गिरफ्तार लोगों में पूर्व जिला भू अर्जन पदाधिकारी भी शामिल थे. एसीबी की कार्रवाई जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, नए-नए खुलासे हो रहे हैं.
बिहार के अरवल से गिरफ्तार हुआ है पुजारी
बता दे कि धनबाद रिंग रोड मुआवजा घोटाले में एसीबी ने बिहार के अरवल से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. बताया गया है कि निगरानी थाना कांड संख्या 32 / 16 में प्राथमिकी अभियुक्त नरसिंह दास को बिहार के अरवल जिला से गिरफ्तार किया गया है .धनबाद रिंग रोड के लिए जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया के दौरान आरोपी द्वारा भू अर्जन कार्यालय ,धनबाद में जाली एवं बनावटी दलीलों के आधार पर करोड़ों रुपए का सरकारी मुआवजा प्राप्त किया है. आरोपी को सरकारी राजस्व का गवन करने के आरोप में 5 नवंबर को गिरफ्तार किया गया . बताया गया है कि नरसिंह दास द्वारा धनबाद मौज संख्या 51 खाता संख्या 121 प्लॉट संख्या 1630 में फर्जी दलील संख्या 25 560 दिनांक 21. 10. 70 के सहारे अपना बताते हुए 6, 32, 13, 585.99 रुपए का अवैध मुआवजा राशि प्राप्त की गई है. जिला अवर निबंधन, धनबाद के कार्यालय से प्राप्त दस्तावेज के अनुसार यह दलील क्रेता हराधन महतो एवं अन्य के नाम पर बांग्ला लिपि में निबंधित पाई गई थी . जबकि अभियुक्त ने इसे अंग्रेजी में तैयार कराया था.