कतरास के केसलपुर में मारपीट के बाद तनाव, बम बाजी और फायरिंग का आरोप,पुलिस ने इलाके में बढ़ाई चौकसी
कतरास के राम कनाली ओपी क्षेत्र में गुरुवार की रात अफरा तफरी मच गई थी. बमबाजी की घटना के बाद तनाव फैल गया था. बमबाजी की घटना में दो लोगों के घायल होने की बात कही जा रही है
धनबाद: कतरास के राम कनाली ओपी क्षेत्र में गुरुवार की रात अफरा तफरी मच गई थी. बमबाजी की घटना के बाद तनाव फैल गया था. बमबाजी की घटना में दो लोगों के घायल होने की बात कही जा रही है.घटना की जड़ में अवैध कोयला उत्खनन का ग्रामीणों के विरोध की बात सामने आई है. सूत्र बता रहे हैं कि आक्रोशित ग्रामीणों ने तीन कथित हमलावरों को पड़कर पुलिस को सुपुर्द कर दिया, फिर बड़ी संख्या में ग्रामीण रामकनाली ओपी पहुंच गए और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. घटनास्थल से बम के अवशेष मिलने की बात कही जा रही है. एक राउंड फायरिंग की भी चर्चा है. हालांकि पुलिस इसकी पुष्टि नहीं कर रही है.
ग्रामीण बता रहे हैं कि गुरुवार की शाम केसलपुर स्थित हनुमान मंदिर के समीप हथियारों से लैस दर्जनों लोग एक व्यक्ति की पिटाई कर रहे थे.पिटाई करने वाले कथित रूप से कोयला चोरी में शामिल लोग थे. इसकी जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे. ग्रामीणों की भीड़ जुटती देख पीटने वाले लोगों ने बमबाजी की और फिर भागने लगे. इस दौरान दो लोग घायल हो गए .
घटना के बाद इलाके में भगदड़ मच गई. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा. इस बीच ग्रामीणों ने तीन संदिग्ध हमलावरों को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
ग्रामीणों का सीधा आरोप है कि क्षेत्र में अवैध कोयला खनन का विरोध करने की वजह से मारपीट और बमबाजी की गई है. घटना को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है. और शिकायत मिलने के बाद आगे कानूनी कार्रवाई की जाएगी. घटना के बाद केसरपुरऔर आसपास के इलाकों में पुलिस की चौकसी बढ़ा दी गई है.