धनबाद(DHANBAD): जिले के दुहाटांड कुम्हारपट्टी से एक प्रेम-प्रसंग का मामला सामने आया है जहां क्षेत्र की रहने वाली एक युवती ने अपने प्रेमी और उसके परिवार पर शादी का झांसा देकर छह वर्षों तक शारीरिक शोषण करने, लाखों रुपये के जेवर और नकदी लेने तथा बाद में साथ छोड़ने का गंभीर आरोप लगाया है. पीड़िता का कहना है कि समाज के लोगों की मौजूदगी में मंदिर में शादी होने के बावजूद आरोपी उसे अपनाने से मुकर गया और फरार हो गया. न्याय की मांग को लेकर युवती अपने परिजनों के साथ गांधी सेवा सदन पहुंची, जहां उसने मीडिया के सामने अपनी आपबीती सुनाई और जिला प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग की.
पीड़िता युवती के अनुसार, झरिया के वेस्ट कोईरीबांध निवासी विकास साव के साथ उसका पिछले छह वर्षों से प्रेम संबंध था. इस दौरान आरोपी ने शादी का भरोसा दिलाकर अपने पिता की बीमारी, वाहन मरम्मत और अन्य जरूरतों का हवाला देते हुए अपने परिवार के साथ मिलकर करीब 15 से 20 लाख रुपये के जेवर और नकदी ले ली. युवती ने बताया कि 25 मई को दोनों की कोर्ट मैरिज तय थी और वे कोर्ट भी पहुंचे थे, लेकिन उसका प्रेमी दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए बिना वहां से चला गया. इसके बाद 16 जून की रात वह युवती के घर पहुंचा और अगले दिन मोहल्ले के लोगों की मौजूदगी में गणेश मंदिर में दोनों की शादी कराई गई. पीड़िता का दावा है कि आरोपी ने उसकी मांग में सिंदूर भरा और मंगलसूत्र पहनाया, लेकिन कुछ दिनों बाद साथ ले जाने का वादा कर गायब हो गया.
इसके साथ ही युवती का आरोप है कि जब वह शिकायत लेकर धनसार थाना पहुंची तो उसकी शिकायत पर कार्रवाई करने के बजाय उसे ही फटकार लगाई गई. उसने यह भी दावा किया कि आरोपी अब मामला वापस लेने के लिए लगातार जान से मारने की धमकी दे रहा है. पीड़िता ने धनबाद के डीसी और एसपी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. साथ ही चेतावनी दी है कि यदि उसे जल्द न्याय नहीं मिला तो वह आत्मदाह जैसा कठोर कदम उठाने के लिए मजबूर होगी. फिलहाल प्रशासन की ओर से मामले की जांच की प्रतीक्षा की जा रही है.

