धनबाद में कोयला चोरी पर एक्शन: चिन्हित आउटसोर्सिंग साइटों पर क्यों उड़ाए जा रहे ड्रोन? CMD पर FIR को लेकर क्या बोले मरांडी
कोयला चोरी और तस्करी के खिलाफ धनबाद कोयलांचल में एक्शन तेज है. तकनीक की मदद ली जा रही है, कार्रवाई की जा रही है. एक्शन की रफ़्तार को देखकर अवैध धंधेबाज "बिल" में दुबक गए है.
धनबाद(DHANBAD): कोयला चोरी और तस्करी के खिलाफ धनबाद कोयलांचल में एक्शन तेज है. तकनीक की मदद ली जा रही है, कार्रवाई की जा रही है. एक्शन की रफ़्तार को देखकर अवैध धंधेबाज "बिल" में दुबक गए है. अवैध मुहानों जहां मॉनिटरिंग हो रही है, वहीं चिन्हित आउटसोर्सिंग कंपनियों के ऊपर भी लगातार ड्रोन उड़ाए जा रहे हैं. कोयला चोरी और तस्करी में आउटसोर्सिंग कंपनियों की भूमिका भी संदेह के घेरे में थी. लेकिन जीरो कोल् लीकेज पॉलिसी के तहत अब सीआईएसएफ , पुलिस और मैनेजमेंट मिलकर लगातार करवाई कर रहे है. इधर, बीसीसीएल के सीएमडी के खिलाफ एफआईआर को लेकर भी कई तरह की चर्चाएं हैं.
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट कर कहा है कि BCCL CMD ने केंद्रीय पुलिस की मदद से धनबाद में कोयला चोरी के गोरखधंधे पर लगाम लगानी शुरू की, जिससे अवैध कारोबार से होने वाली करोड़ों रुपये की काली कमाई पर चोट पड़ रही है. यही वजह है कि उन्हें डराने और कार्रवाई से पीछे हटाने के लिए एक के बाद एक मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं. CMD मनोज अग्रवाल के खिलाफ पहले छाताबाद भू-धंसान मामले में केस दर्ज किया गया और अब SC/ST एक्ट के तहत दूसरा मामला भी दर्ज कर दिया गया है.
धनबाद पुलिस के अधिकारियों को सचेत करना चाहता हूं कि जमानत पर चल रहे मुख्यमंत्री @HemantSorenJMM के राजनीतिक दबाव के चक्कर में पड़कर अपने करियर को अनावश्यक जोखिम में न डालें। छवि रंजन, विनय चौबे, पूजा सिंघल और अनुराग गुप्ता जैसे अधिकारियों के मामले सामने हैं. सत्ता आती-जाती रहती है, लेकिन अधिकारियों के फैसलों और उनकी भूमिका का रिकॉर्ड हमेशा रहता हैं. इसलिए कानून और अपने पद की मर्यादा से समझौता करने से पहले अधिकारी भविष्य को जरूर ध्यान में रखें।
बता दें कि बीसीसीएल मैनेजमेंट ने एक व्हाट्सएप नंबर जारी किया है. आम जनता से अनुरोध किया गया है कि अवैध खनन, अवैध परिवहन तथा भंडारण की सूचना उक्त व्हाट्सएप नंबर पर दे सकते है. उनका परिचय गुप्त रखा जाएगा. जारी किया गया नंबर 9431528406 है. इस नंबर पर कोई भी व्यक्ति सूचना दे सकता है. उसके बाद टीम एक्शन करेगी. तत्काल कार्रवाई होगी. बता दे कि अवैध कोयला खनन और तस्करी से कोयला माफिया आर्थिक रूप से इतने मजबूत हो गए हैं कि वह किसी भी कार्रवाई की दिशा मोड़ने की कोशिश करते है. कोयला अधिकारियों के साथ बदसलूकी के बाद अब वह बीसीसीएल के सीएमडी को भी जान मारने की धमकी दिलवा रहे है. इस वजह से कोयलांचल में माफिया गठजोड़ के तौर तरीके एक बार फिर चर्चे में है. दिल्ली तक इसकी गूंज पहुंच गई है. बीसीसीएल के सीएमडी को धमकी मामले की जानकारी कोलकाता, रांची और दिल्ली तक पंहुचा दी गई है. कोयला मंत्रालय भी हरकत में है.