झारखंड के लिए गौरव : आईआईटी (आईएसएम) की रैंकिंग में बड़ा उछाल,ग्लोबल रैंकिंग में 683वां स्थान
आईआईटी (आईएसएम), धनबाद ने क्यूएस वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग्स: सस्टेनेबिलिटी 2027 में अपनी ग्लोबल रैंकिंग में 15 स्थान का सुधार करते हुए 683वां स्थान हासिल किया है.
धनबाद(DHANBAD): आईआईटी (आईएसएम), धनबाद ने क्यूएस वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग्स: सस्टेनेबिलिटी 2027 में अपनी ग्लोबल रैंकिंग में 15 स्थान का सुधार करते हुए 683वां स्थान हासिल किया है. पिछले साल जारी रैंकिंग में संस्थान 698वें स्थान पर था. इस उपलब्धि के साथ संस्थान ने सस्टेनेबिलिटी के क्षेत्र में अपनी बेहतर होती स्थिति को एक बार फिर साबित किया हैं. देश के सभी आईआईटी संस्थानों के बीच आईआईटी (आईएसएम) धनबाद ने पिछले साल की तरह इस बार भी 8वां स्थान बरकरार रखा है. वहीं, रैंकिंग में शामिल देश के कुल 99 संस्थानों के बीच संस्थान 25वें स्थान पर रहा.
इस बार संस्थान ने सोशल इंपैक्ट और गवर्नेंस की कैटेगरी में भी उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया है. सोशल इंपैक्ट कैटेगरी में संस्थान ने 84 स्थान की छलांग लगाते हुए 1071वां ग्लोबल रैंक हासिल किया, जबकि पिछले साल इस कैटेगरी में इसकी रैंकिंग 1155 थी. इसी तरह गवर्नेंस कैटेगरी में संस्थान का प्रदर्शन और बेहतर रा. इस कैटेगरी में आईआईटी (आईएसएम) ने 366 स्थान का बड़ा सुधार करते हुए 597वां स्थान हासिल किया, जबकि पिछले साल यह 963वें स्थान पर था.
इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए संस्थान के निदेशक प्रो. सुकुमार मिश्रा ने कहा, "क्यूएस सस्टेनेबिलिटी रैंकिंग में संस्थान की बेहतर होती स्थिति हमारे लिए गर्व की बात है. खासकर सोशल इंपैक्ट और गवर्नेंस की कैटेगरी में मिली बड़ी सफलता उत्साहजनक है. यह संस्थान में जिम्मेदार विकास, सामाजिक सरोकारों और पारदर्शी प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में किए जा रहे सामूहिक प्रयासों का परिणाम है. इस उपलब्धि का श्रेय हमारे फैकल्टी सदस्यों, विद्यार्थियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, पूर्ववर्ती विद्यार्थियों और सभी सहयोगियों को जाता है. हम भविष्य में भी सस्टेनेबल डेवलपमेंट और बेहतर संस्थागत व्यवस्था के लिए लगातार प्रयास करते रहेंगे।"
गौरतलब है कि आईआईटी (आईएसएम) धनबाद ने हाल के दिनों में अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में लगातार बेहतर प्रदर्शन किया है. क्यूएस वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग 2027 में संस्थान ने अपने 100 वर्षों के इतिहास में पहली बार ग्लोबल रैंकिंग में जगह बनाते हुए 701-710 बैंड में स्थान हासिल किया था. वहीं, क्यूएस एशिया यूनिवर्सिटी रैंकिंग 2027 में 51 स्थान का सुधार करते हुए 373वां स्थान हासिल किया। लगातार मिल रही ये उपलब्धियां शिक्षा, शोध, संस्थागत विकास और सस्टेनेबिलिटी के क्षेत्र में संस्थान की बढ़ती पहचान को दर्शाती हैं.