धनबाद थाना परिसर में बनेगा 6 मंजिला आधुनिक भवन, एक ही छत के नीचे होंगे 5 थाने
धनबाद थाना परिसर में 17 करोड़ रुपये की लागत से जी+6 अत्याधुनिक भवन का निर्माण किया जाएगा। इस भवन में महिला थाना, ट्रैफिक थाना सहित पांच थानों का संचालन एक ही परिसर से होगा। एसएसपी प्रभात कुमार ने स्थल निरीक्षण कर निर्माण कार्य को डेढ़ वर्ष में पूरा करने का लक्ष्य तय किया है। साथ ही परिसर में एक सुंदर पार्क भी विकसित किया जाएगा।
धनबाद (DHANBAD ) : धनबाद में पुलिस व्यवस्था को और बेहतर बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है. धनबाद थाना परिसर में जल्द ही जी+6 (ग्राउंड प्लस छह मंजिला) अत्याधुनिक भवन का निर्माण किया जाएगा. इस परियोजना को लेकर जमीन का चिन्हांकन पूरा कर लिया गया है. वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने स्थल का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए.
डेढ़ वर्ष में पूरा करने का लक्ष्य
एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि इस भवन के निर्माण पर लगभग 17 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे. इसका उद्देश्य पुलिस विभाग को आधुनिक सुविधाओं से लैस करना और सभी महत्वपूर्ण इकाइयों को एक ही जगह पर लाना है. उन्होंने कहा कि इस भवन का निर्माण कार्य लगभग डेढ़ वर्ष में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.
अलग-अलग थानों के नहीं लगाने पड़ेंगे चक्कर
इस नए भवन में महिला थाना, ट्रैफिक थाना सहित कुल पांच थानों का संचालन एक ही परिसर से किया जाएगा. इससे पुलिस की कार्यप्रणाली और अधिक तेज, आसान और प्रभावी हो जाएगी. आम लोगों को भी अलग-अलग थानों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे.
आधुनिक बनाने की दिशा में काम
एसएसपी ने कहा कि धनबाद पुलिस लगातार अपनी व्यवस्था को आधुनिक बनाने की दिशा में काम कर रही है. इसी के तहत थाना परिसर के सामने एक सुंदर पार्क भी बनाया जाएगा, जिससे परिसर की शोभा बढ़ेगी और लोगों को एक अच्छा सार्वजनिक स्थान मिलेगा.
निरीक्षण के दौरान एसएसपी प्रभात कुमार ने निर्माण कार्य में गुणवत्ता और समय सीमा का पूरा ध्यान रखने के निर्देश दिए.
रिपोर्ट – नीरज कुमार