गैंगस्टर प्रिंस खान की धमकी पर एक्शन की तैयारी, SSP से मिले विधायक अरूप चटर्जी
धनबाद में गैंगस्टर प्रिंस खान से मिली जान से मारने की धमकी के मामले में निरसा विधायक अरूप चटर्जी ने SSP से मुलाकात कर जल्द कार्रवाई की मांग की.पुलिस ने 2-3 दिनों में ठोस कार्रवाई का भरोसा दिया, जबकि विधायक ने केवल सुरक्षा बढ़ाने के बजाय अपराधियों के पूरे नेटवर्क पर कार्रवाई की जरूरत बताई.
धनबाद(DHANBAD):गैंगस्टर प्रिंस खान से जान से मारने की धमकी मिलने के मामले में निरसा विधायक अरूप चटर्जी सोमवार को समाहरणालय स्थित वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार से मिले.इस दौरान उन्होंने अपनी पूर्व में दी गई लिखित शिकायत पर अब तक हुई कार्रवाई की जानकारी ली और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग दोहराई.मीडिया से बातचीत में अरूप चटर्जी ने बताया कि एसएसपी के साथ उनकी विस्तृत वार्ता हुई है.उन्होंने कहा कि पुलिस की ओर से आश्वासन दिया गया है कि अगले दो से तीन दिनों के भीतर मामले में ठोस कार्रवाई की जाएगी.विधायक ने बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर पहले उनके साथ दो सशस्त्र सुरक्षाकर्मी तैनात थे, जिसे बढ़ाकर अब चार कर दिया गया है.
केवल सुरक्षा बढ़ाना इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं
हालांकि, उन्होंने कहा कि केवल सुरक्षा बढ़ाना इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं है. उनके अनुसार, पुलिस को अपराधियों के पूरे नेटवर्क और उनकी कार्यप्रणाली पर प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि भविष्य में किसी भी जनप्रतिनिधि या आम नागरिक को इस तरह की धमकियों का सामना न करना पड़े. उन्होंने कहा कि अपराधियों के मनोबल को तोड़ना और उनके तंत्र को समाप्त करना ही सबसे प्रभावी उपाय है.
पढ़िये सांसद ढुलू महतो पर क्या कहा
वहीं, बोकारो में सांसद ढुलू महतो द्वारा दिए गए हालिया बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए अरूप चटर्जी ने कहा कि सांसद लगातार बयानबाजी कर रहे है.उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी टिप्पणियां राजनीतिक मर्यादा के अनुरूप नहीं हैं और इस तरह के बयान सार्वजनिक जीवन की गरिमा को प्रभावित करते है.
रिपोर्ट-नीरज कुमार