बाबा बैद्यनाथ के दरबार में केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने टेका माथा, देश की खुशहाली की मांगी दुआ

बाबा बैद्यनाथ के दरबार में केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने टेका माथा, देश की खुशहाली की मांगी दुआ

देवघर(DEOGHAR) : झारखंड के देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम में केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने पूजा-अर्चना की. उन्होंने बाबा बैद्यनाथ से देश की उन्नति, विकसित भारत के संकल्प की सफलता और सभी देशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की.

वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिवत संकल्प

मंदिर पहुंचने पर केंद्रीय मंत्री का स्थानीय प्रशासन और बाबा बैद्यनाथ मंदिर प्रबंधन की ओर से स्वागत किया गया. इसके बाद उनके तीर्थ पुरोहित ने मंदिर के प्रशासनिक भवन में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिवत संकल्प कराया.

बाबा बैद्यनाथ की विशेष पूजा-अर्चना की

संकल्प के बाद ललन सिंह को गर्भगृह में ले जाया गया, जहां उन्होंने पूरे विधि-विधान के साथ बाबा बैद्यनाथ की विशेष पूजा-अर्चना की. पूजा के दौरान वैदिक मंत्रों का उच्चारण किया गया और भगवान शिव का जलाभिषेक एवं अन्य धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। पूजा के बाद केंद्रीय मंत्री ने मंदिर परिसर में आयोजित आरती में भी भाग लिया.

खुशहाली व समृद्धि की प्रार्थना

पूजा-अर्चना के बाद ललन सिंह ने कहा कि उन्होंने बाबा बैद्यनाथ से देश के उज्ज्वल भविष्य, प्रधानमंत्री के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने और देश के सभी नागरिकों की खुशहाली व समृद्धि की प्रार्थना की है. उन्होंने सभी के सुख, शांति और अच्छे स्वास्थ्य की भी कामना की.

केंद्रीय मंत्री के दौरे को लेकर मंदिर परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे. मंदिर प्रशासन, जिला प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क रही. श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए भी विशेष व्यवस्था की गई थी.

इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के कई स्थानीय पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे. उन्होंने केंद्रीय मंत्री के साथ बाबा बैद्यनाथ का दर्शन किया और पूजा-अर्चना में भाग लिया.

देश के प्रमुख शिवधामों में से एक

देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम देश के प्रमुख शिवधामों में से एक है. यह बारह ज्योतिर्लिंगों में शामिल होने के कारण देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र माना जाता है. यहां पूरे वर्ष श्रद्धालुओं का तांता लगा रहता है, जबकि श्रावण मास में लाखों कांवरिये जलाभिषेक के लिए बाबा नगरी पहुंचते हैं.

रिपोर्ट - रितुराज सिन्हा