देवघर में दर्दनाक सड़क हादसा: स्कूल वैन और पिकअप में जोरदार टक्कर, एक की मौत, दर्जनभर बच्चे घायल

देवघर के चितरा थाना क्षेत्र में स्कूल वैन और पिकअप की जोरदार टक्कर में दर्जनभर स्कूली बच्चे घायल हो गए, जबकि हादसे में एक बच्ची की मौत की भी सूचना है. गंभीर घायलों को सदर अस्पताल भेजा गया.

देवघर में दर्दनाक सड़क हादसा: स्कूल वैन और पिकअप में जोरदार टक्कर, एक की मौत, दर्जनभर बच्चे घायल

देवघर (DEOGHAR): झारखंड के देवघर जिले के चितरा थाना क्षेत्र के कुकराहा मझलीबाद मोड़ के पास स्कूल वैन और पिकअप वाहन के बीच जोरदार टक्कर हो गई. हादसा इतना भीषण था कि स्कूल वैन में सवार करीब दर्जनभर स्कूली बच्चे घायल हो गए. हादसे में एक बच्ची की मौत की भी सूचना है, जबकि कई बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है.

बताया जा रहा है कि स्कूल वैन बच्चों को लेकर जा रही थी. इसी दौरान कुकराहा मझलीबाद मोड़ के पास सामने से आ रहे पिकअप वाहन से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई. टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल दुर्घटनाग्रस्त वाहनों के पास पहुंचकर बच्चों को बाहर निकालने की कोशिश शुरू की. हादसे में घायल बच्चों को स्थानीय लोगों की मदद से प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया. गंभीर रूप से घायल बच्चों को बेहतर इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल भेजा गया है. कुछ घायलों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है.

घटना की जानकारी मिलते ही चितरा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गई. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों की स्थिति का जायजा लिया और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है. फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों वाहनों की टक्कर किन परिस्थितियों में हुई. हादसे के बाद घटनास्थल पर कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा. पुलिस ने मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.

रिपोर्ट : प्रशांत कुमार