देवघर में दर्दनाक हादसा, खेत से लौट रहे किसान की टैंकर की चपेट में आने से मौत

देवघर(DEOGHAR): देवघर जिले के देवीपुर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है. खेत में धान का बीज डालकर घर लौट रहे एक किसान की अनियंत्रित टैंकर वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई. इस घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है, वहीं पूरे गांव में शोक का माहौल है.

देवीपुर थाना क्षेत्र के देवपुर गांव निवासी अमित राय किसान थे. इन दिनों बारिश के कारण खेती का काम तेजी से चल रहा है. किसान अच्छी फसल की उम्मीद में अपने खेतों में धान का बीज डालने में जुटे हुए हैं. अमित राय भी अपने खेत में धान का बीज डालने गए थे. उन्हें उम्मीद थी कि इस बार अच्छी पैदावार होगी और इससे उनके परिवार की आर्थिक स्थिति बेहतर होगी.

धान का बीज डालने के बाद अमित राय अपने घर वापस लौट रहे थे. इसी दौरान रास्ते में एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित टैंकर वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि अमित राय की मौके पर ही मौत हो गई.

हादसे के बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई. घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के लोग और स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे. लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी. जानकारी मिलने के बाद देवीपुर थाना की पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची.

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है.

अमित राय की मौत की खबर मिलते ही उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. खेती के सहारे परिवार का पालन-पोषण करने वाले अमित की अचानक मौत से गांव के लोग भी काफी दुखी हैं.

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क सुरक्षा को लेकर सख्त कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके. बारिश के मौसम में जहां किसान खेतों में मेहनत कर अच्छी फसल की उम्मीद लगाए बैठे हैं, वहीं इस दर्दनाक घटना ने एक परिवार की खुशियां छीन ली हैं.

रिपोर्ट- ऋतुराज सिन्हा