सावन की पहली सोमवारी आज, बाबा बैद्यनाथ धाम में उमड़ा भक्तों का जनसैलाब

सावन की पहली सोमवारी आज, बाबा बैद्यनाथ धाम में उमड़ा भक्तों का जनसैलाब

देवघर (DEOGHAR): आज सावन महीने कि पहली सोमवारी है. ऐसे में पहली सोमवारी पर देवघर स्थित विश्व प्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ धाम में आस्था का जनसैलाब उमड़ने लगा है. देर रात से ही देश के अलग अलग राज्यों से पहुंचे कांवड़ियों और शिव भक्तों का मंदिर की ओर पहुंचना लगातार जारी है. पहली सोमवारी और नाग पंचमी के शुभ संयोग ने इस बार श्रद्धालुओं का उत्साह कई गुना बढ़ा दिया है. भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक के लिए भक्त हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारों के साथ लंबी कतारों में अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं. प्रशासन भी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर पूरी तरह अलर्ट है.

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आया. एडीजी प्रिया दुबे, संताल परगना के आईजी और डीआईजी, देवघर के एसपी प्रवीण पुष्कर तथा डीसी सौरभ भुवानिया लगातार पूरे मेले की निगरानी करते रहे. सुबह मंदिर के कपाट खुलते ही बाहरी और भीतरी अरघा के माध्यम से श्रद्धालुओं का सुव्यवस्थित तरीके से जलार्पण कराया गया. जिला प्रशासन ने सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, चिकित्सा, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं की विशेष व्यवस्था की है. डीसी सौरभ भुवानिया ने बताया कि पहली सोमवारी पर करीब ढाई लाख श्रद्धालुओं के जलार्पण करने का अनुमान है और प्रशासन का प्रयास है कि मंदिर बंद होने तक सभी श्रद्धालुओं का सुरक्षित और सुचारु रूप से जलाभिषेक कराया जा सके.

बट दें, धार्मिक मान्यताओं के अनुसार नाग पंचमी और सावन सोमवार के इस शुभ अवसर पर भगवान शिव को गाय का दूध, साबुत चावल, बेलपत्र, पुष्प और नैवेद्य अर्पित करना अत्यंत शुभ माना जाता है. तीर्थ पुरोहितों का कहना है कि पूजा के बाद एक दीपक अवश्य जलाना चाहिए, जिससे भगवान शिव की विशेष कृपा प्राप्त होती है और भक्त उनके प्रिय बनते हैं. दूसरी ओर, बाबा धाम पहुंचे श्रद्धालु जिला प्रशासन की व्यवस्थाओं की खुलकर सराहना कर रहे हैं. हालांकि पहली सोमवारी पर उमड़ी विशाल भीड़ प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है, लेकिन सुरक्षा बलों और अधिकारियों की सतत निगरानी के बीच श्रद्धालुओं का जलाभिषेक शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से जारी है.

रिपोर्ट- प्रशांत कुमार