देवघर: पुरुष और महिला हॉकी विश्व कप 15 से 30 अगस्त तक बेल्जियम और नीदरलैंड में आयोजित होने जा रहा है. पुरुष टीम की घोषणा के बाद हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह ने सोमवार को देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम में पूजा-अर्चना कर भारतीय टीम की सफलता और विश्व कप में ऐतिहासिक प्रदर्शन की कामना की.
बाबा बैद्यनाथ मंदिर में दर्शन के बाद भोलानाथ सिंह ने कहा कि लंबे समय बाद भारतीय पुरुष और महिला हॉकी टीम काफी मजबूत नजर आ रही है. उन्होंने विश्वास जताया कि मौजूदा टीम किसी भी मजबूत प्रतिद्वंद्वी को चुनौती देने की क्षमता रखती है.उन्होंने कहा कि वर्ष 1975 के बाद भारतीय पुरुष टीम विश्व कप का खिताब नहीं जीत सकी है और इस बार टीम से ऐतिहासिक प्रदर्शन की उम्मीद है.उन्होंने बाबा बैद्यनाथ से भारतीय टीम के अपराजेय रहने और विश्व कप जीतने की प्रार्थना की.
राज्य सरकार के सहयोग से बढ़ रही हॉकी की ताकत
भोलानाथ सिंह ने कहा कि पहले हॉकी पूरे देश में लोकप्रिय खेल हुआ करता था, लेकिन समय के साथ इसका दायरा सीमित होता गया.अब केंद्र और विभिन्न राज्य सरकार खिलाड़ियों के प्रशिक्षण, खेल अधोसंरचना और सुविधाओं पर पहले की तुलना में अधिक ध्यान दे रही हैं, जिसका सकारात्मक असर देखने को मिल रहा है.
उन्होंने कहा कि बिहार और झारखंड में हॉकी की प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है. उनके अनुसार, भारतीय महिला टीम में झारखंड की चार खिलाड़ी और पुरुष टीम में बिहार का एक खिलाड़ी शामिल है, जो दोनों राज्यों की प्रतिभा और खेल के प्रति बढ़ती प्रतिबद्धता को दर्शाता है. उन्होंने कहा कि यदि केंद्र या राज्य सरकार किसी भी स्तर की प्रतियोगिता आयोजित करना चाहती है, तो हॉकी इंडिया हरसंभव सहयोग देने के लिए तैयार है.
सोची समझी साजिश के तहत बदनाम करने की कोशिशों पर ध्यान नही देते,मेहनत करने पर मुकाम हासिल होती है-भोलानाथ सिंह
हाल ही महिला हॉकी टीम की पूर्व कप्तान अंसुता लकड़ा ने हॉकी इंडिया के महासचिव और झारखंड हॉकी के अध्यक्ष भोलानाथ सिंह पर कई गंभीर आरोप लगाकर मीडिया में एक बार फिर सुर्खियों में आ गई थी.इनके द्वारा भोलानाथ सिंह पर आरोप लगाया गया था कि ये युवा महिला खिलाड़ी को उत्पीड़ित करने वाले का पक्ष लेते है और महिला खिलाड़ियों की सुरक्षा के लिए आवाज उठाने पर धमकी देते है।इस गंभीर आरोपों को खारिज करते हुए भोलानाथ सिंह ने बताया कि ये सब एक सोची समझी साजिश के तहत मनगढंत कहानी है.मुझे बदनाम करने की कोशिश की जा रही है.भोलानाथ सिंह ने कहा कि ये सब बकवास और झूठी बातों पर न तो मैं ध्यान देता हूँ और न ही चर्चा करता हूँ।इन्होंने कहा कि बिना मेहनत के कुछ हासिल नही किया जाता इसलिए मेहनत करते रहिएगा तो मुकाम अपने आप हासिल हो जाएगा.
