श्रावणी मेला 2026: देवघर में प्रसाद की दरें तय, अधिक कीमत वसूलने पर होगी सख्त कार्रवाई

श्रावणी मेला 2026: देवघर में प्रसाद की दरें तय, अधिक कीमत वसूलने पर होगी सख्त कार्रवाई

देवघर(DEOGHAR): जिले में श्रावणी मेला 2026 कि तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुँच चुकी है. ऐसे में बाबा बैद्यनाथ धाम आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को गुणवत्तापूर्ण प्रसाद उचित मूल्य पर उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन ने पेड़ा, चूड़ा और इलायची दाना की दरें निर्धारित कर दी हैं. इसी को लेकर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया के निर्देश पर यह निर्णय लिया गया है, ताकि मेला अवधि में किसी भी श्रद्धालु से तय कीमत से अधिक राशि नहीं वसूली जाए. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बाबा मंदिर में जलार्पण के बाद श्रद्धालु बड़ी संख्या में प्रसाद के रूप में पेड़ा, चूड़ा और इलायची दाना खरीदते हैं. ऐसे में सभी थोक और खुदरा विक्रेताओं को निर्धारित दर और गुणवत्ता का पालन करना अनिवार्य होगा.

खाद्य पदार्थों के मूल्य में सामान्य बढ़ोतरी की गयी सूची निम्न हैः-

पेड़ा-800 ग्राम खोवा एवं 200 ग्राम चीनी= 440/- रूपये

पेड़ा-700 ग्राम खोवा एवं 300 ग्राम चीनी= 400/- रूपये

चुड़ा-रायपुर चुड़ा-7500 रूपया प्रति क्विंटल एवं 80 रूपये प्रतिकिलो

चुड़ा-वर्द्धमान चुड़ा-6500 रूपया प्रति क्विंटल एवं 70 रूपये प्रतिकिलो

लोकल चुड़ा-3500 रूपया प्रति क्विंटल एवं 42 रूपये प्रतिकिलो

ईलायचीदाना-7600 रूपया प्रति क्विंटल एवं 80 प्रति किलोग्राम

इसके साथ ही प्रशासन ने सभी दुकानदारों को चेतावनी दी है कि निर्धारित दर से अधिक कीमत वसूलने या निम्न गुणवत्ता का खाद्य पदार्थ बेचने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी. मेला क्षेत्र में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और मूल्य की नियमित निगरानी की जाएगी. अधिकारियों का कहना है कि श्रावणी मेला के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है. ऐसे में किसी भी तरह की शिकायत मिलने पर संबंधित दुकानदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को उचित मूल्य पर गुणवत्तापूर्ण प्रसाद उपलब्ध कराया जा सके.