श्रावणी मेला 2026: कांवड़ियों की सुविधा के लिए रेलवे की बड़ी तैयारी, ऑन डिमांड चलेंगी 60 ट्रेनें

श्रावणी मेला 2026: कांवड़ियों की सुविधा के लिए रेलवे की बड़ी तैयारी, ऑन डिमांड चलेंगी 60 ट्रेनें

देवघर(DEOGHAR): श्रावणी मेला 2026 को लेकर पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल ने बाबा बैद्यनाथ धाम और बासुकीनाथ आने वाले श्रद्धालुओं के लिए खास इंतजाम किए हैं. इस बार मेले में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए रेलवे ने ट्रेनों की संख्या बढ़ाने के साथ-साथ जसीडीह, देवघर, बैद्यनाथ धाम और बासुकीनाथ स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था को पहले से ज्यादा मजबूत किया है.

रेलवे ने श्रद्धालुओं की जरूरत के हिसाब से 60 ट्रेन ऑन डिमांड (TOD) चलाने की योजना बनाई है. यानी जहां जरूरत होगी, वहां अतिरिक्त ट्रेनें चलाई जाएंगी ताकि यात्रियों को परेशानी का सामना न करना पड़े.

यात्रियों के लिए बढ़ाई गई सुविधाएं

इस बार श्रावणी मेला पंडाल का क्षेत्रफल भी काफी बढ़ा दिया गया है. पिछले साल जहां इसका आकार 69 हजार वर्ग फुट था, वहीं इस बार इसे बढ़ाकर 1.29 लाख वर्ग फुट कर दिया गया है. इसमें जसीडीह, देवघर और बासुकीनाथ तीनों स्टेशनों पर अलग-अलग पंडाल बनाए गए हैं.

यात्रियों की सुविधा के लिए 20 अतिरिक्त यूटीएस टिकट काउंटर, 6 ऑटोमैटिक टिकट वेंडिंग मशीन, 30 मोबाइल टिकटिंग डिवाइस, 13 अतिरिक्त वाटर कूलर और 3 मोबाइल बायो टॉयलेट लगाए गए हैं. इसके अलावा स्टेशन परिसर में करीब 400 एलईडी लाइटें, अतिरिक्त पंखे, पेयजल और प्रतीक्षालय की भी व्यवस्था की गई है.

सुरक्षा और निगरानी रहेगी कड़ी

श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए जसीडीह स्टेशन पर आरपीएफ के 330 जवान तैनात किए गए हैं. पूरे स्टेशन परिसर की निगरानी 110 सीसीटीवी कैमरों से की जाएगी. भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्लेटफॉर्म, फुट ओवरब्रिज, प्रवेश और निकास द्वारों पर विशेष व्यवस्था की गई है.

रेलवे ने 24 घंटे मेडिकल टीम की तैनाती भी की है. साथ ही आग से सुरक्षा के लिए 90 से ज्यादा अग्निशामक यंत्र उपलब्ध कराए गए हैं.

रेलवे का कहना है कि जिला प्रशासन और अन्य एजेंसियों के साथ मिलकर लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि श्रावणी मेले में आने वाले हर श्रद्धालु की यात्रा सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक रहे.