देवघर(DEOGHAR): जिले में श्रावणी मेला को लेकर तैयारियां जोरों शोरों से चल रही है जहां 30 जुलाई से शुरू होने वाले राजकीय श्रावणी मेला को लेकर पुलिस प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं. इसी क्रम में संताल परगना प्रक्षेत्र के डीआईजी अंबर लकड़ा देवघर पहुंचे और बाबा बैद्यनाथ मंदिर सहित पूरे मेला क्षेत्र का निरीक्षण किया. उन्होंने अधीनस्थ पुलिस अधिकारियों के साथ सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, श्रद्धालुओं की आवाजाही और जलार्पण की व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की. सावन के पावन महीने में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ के दर्शन और जलार्पण के लिए देवघर पहुंचते हैं. ऐसे में पुलिस प्रशासन के लिए सुचारु व्यवस्था बनाए रखना सबसे बड़ी प्राथमिकता है.
बता दें, निरीक्षण के दौरान डीआईजी अंबर लकड़ा ने मंदिर परिसर, कतार व्यवस्था, प्रमुख मार्गों और मेला क्षेत्र का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सरल और व्यवस्थित तरीके से जलार्पण कराने के लिए इस वर्ष अतिरिक्त सतर्कता बरती जाएगी. भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण, आपातकालीन सहायता और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाया जा रहा है ताकि किसी भी प्रकार की परेशानी श्रद्धालुओं को न हो. उन्होंने कहा कि पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद रहेगा और हर स्तर पर निगरानी रखी जाएगी.
वहीं डीआईजी अंबर लकड़ा ने विश्वास जताया कि पिछले वर्ष की तुलना में इस बार पुलिस की कार्यप्रणाली और व्यवस्थाएं अधिक प्रभावी रहेंगी. उन्होंने तीर्थ पुरोहितों, स्थानीय नागरिकों, स्वयंसेवी संगठनों और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय पर जोर देते हुए सभी से सहयोग की अपील की. उन्होंने कहा कि श्रद्धालु देवतुल्य हैं और उनकी सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है. प्रशासन का प्रयास है कि प्रत्येक श्रद्धालु सुरक्षित वातावरण में बाबा बैद्यनाथ का जलार्पण कर सके. सभी संबंधित विभागों के समन्वय और पुलिस की सक्रिय निगरानी से इस वर्ष श्रावणी मेला का सफल, शांतिपूर्ण और सुरक्षित संचालन सुनिश्चित किया जाएगा.
रिपोर्ट- ऋतुराज सिन्हा

