श्रावणी मेला 2026 , आसनसोल से पटना और गोरखपुर के लिए रेलवे चलाएगा अनारक्षित स्पेशल ट्रेनें. जानिए समय-सारिणी और स्टॉपेज
आसनसोल. श्रावणी मेला 2026 के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों के लिए बड़ी सुविधा देने का निर्णय लिया है. पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल की ओर से 29 जुलाई से 29 अगस्त 2026 तक आसनसोल-पटना-आसनसोल और आसनसोल-गोरखपुर-आसनसोल के बीच दो जोड़ी श्रावणी मेला विशेष अनारक्षित ट्रेनों का परिचालन किया जाएगा. इन ट्रेनों का उद्देश्य बाबा बैद्यनाथ धाम और अन्य धार्मिक स्थलों की यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को सुगम यात्रा सुविधा उपलब्ध कराना है.
आसनसोल-पटना श्रावणी मेला स्पेशल का समय
03511 आसनसोल–पटना श्रावणी मेला विशेष (अनारक्षित) 29 जुलाई से 29 अगस्त 2026 तक प्रतिदिन चलेगी. ट्रेन शाम 5.00 बजे आसनसोल से रवाना होगी और अगले दिन सुबह 2.30 बजे पटना पहुंचेगी.
वापसी में 03512 पटना–आसनसोल श्रावणी मेला विशेष 30 जुलाई से 30 अगस्त 2026 तक प्रतिदिन चलेगी. यह ट्रेन सुबह 3.30 बजे पटना से प्रस्थान करेगी और दोपहर 1.00 बजे आसनसोल पहुंचेगी.
इन स्टेशनों पर होगा ठहराव
आसनसोल–पटना विशेष ट्रेन दोनों दिशाओं में निम्नलिखित स्टेशनों पर रुकेगी.
- चित्तरंजन
- मधुपुर
- जसीडीह
- सिमुलतला
इस ट्रेन में सामान्य द्वितीय श्रेणी (जनरल सेकेंड क्लास) के अनारक्षित कोच उपलब्ध रहेंगे.
आसनसोल-गोरखपुर श्रावणी मेला स्पेशल का समय
03527 आसनसोल–गोरखपुर श्रावणी मेला विशेष (अनारक्षित) 29 जुलाई से 29 अगस्त 2026 तक प्रतिदिन संचालित होगी. ट्रेन रात 9.00 बजे आसनसोल से रवाना होगी और अगले दिन सुबह 11.00 बजे गोरखपुर पहुंचेगी.
वापसी में 03528 गोरखपुर–आसनसोल श्रावणी मेला विशेष 30 जुलाई से 30 अगस्त 2026 तक प्रतिदिन चलेगी. यह ट्रेन शाम 4.15 बजे गोरखपुर से प्रस्थान करेगी और अगले दिन सुबह 8.20 बजे आसनसोल पहुंचेगी.
इन स्टेशनों पर मिलेगा ठहराव
आसनसोल–गोरखपुर विशेष ट्रेन दोनों दिशाओं में निम्नलिखित स्टेशनों पर रुकेगी.
- चित्तरंजन
- मधुपुर
- जसीडीह
इस ट्रेन में भी सामान्य द्वितीय श्रेणी के अनारक्षित कोच उपलब्ध रहेंगे.
श्रावणी मेला में श्रद्धालुओं को मिलेगी राहत
रेलवे का कहना है कि श्रावण मास के दौरान बाबा बैद्यनाथ धाम सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों की यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में हर वर्ष भारी वृद्धि होती है. इसी अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए इन विशेष अनारक्षित ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है, ताकि यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक यात्रा मिल सके.
