ROSE OF SAFETY : एक गुलाब, जिंदगी के नाम! देवघर में ‘रोज ऑफ सेफ्टी’ अभियान से सड़क सुरक्षा की सीख

सड़क सुरक्षा को लेकर देवघर में एक अलग अंदाज में जागरूकता अभियान चलाया गया. झारखंड स्थापना दिवस के मौके पर जिला प्रशासन की ओर से ‘रोज ऑफ सेफ्टी’ अभियान आयोजित किया गया. इसमें वाहन चालकों को डांटने या चालान काटने के बजाय गुलाब का फूल देकर यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई.

ROSE OF SAFETY : एक गुलाब, जिंदगी के नाम! देवघर में ‘रोज ऑफ सेफ्टी’ अभियान से सड़क सुरक्षा की सीख

देवघर: सड़क सुरक्षा को लेकर देवघर में एक अलग अंदाज में जागरूकता अभियान चलाया गया. झारखंड स्थापना दिवस के मौके पर जिला प्रशासन की ओर से ‘रोज ऑफ सेफ्टी’ अभियान आयोजित किया गया. इसमें वाहन चालकों को डांटने या चालान काटने के बजाय गुलाब का फूल देकर यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई.

गुलाब देकर दिया सुरक्षा का संदेश

उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरव कुमार भुवनिया के निर्देश और जिला परिवहन पदाधिकारी विजय कुमार के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया. इसके लिए जिले के दुर्घटना संभावित इलाकों में शामिल मोहनपुर के हिंडोलावरण को चुना गया. अभियान के दौरान जिन वाहन चालकों ने यातायात नियमों का उल्लंघन किया, उन्हें गुलाब देकर अपनी गलती सुधारने और आगे से सावधानी बरतने का संदेश दिया गया. वहीं, नियमों का पालन करते हुए वाहन चलाने वाले लोगों को भी गुलाब देकर सम्मानित किया गया. प्रशासन की इस पहल का मकसद लोगों को समझाना था कि सड़क पर थोड़ी सी लापरवाही भी बड़े हादसे की वजह बन सकती है.

पंपलेट बांटकर लोगों को किया जागरूक

अभियान के दौरान चौक-चौराहों पर आम लोगों के बीच सड़क सुरक्षा से जुड़े पंपलेट भी बांटे गए. वाहन चालकों से अपील की गई कि वे तेज रफ्तार से गाड़ी न चलाएं. दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का इस्तेमाल जरूर करें. इसके साथ ही वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने और नशे की हालत में गाड़ी नहीं चलाने की सलाह दी गई.

हादसों को रोकना है मकसद

जिला प्रशासन की इस पहल का मुख्य उद्देश्य लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना और सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाना है. प्रशासन का संदेश साफ है कि सड़क सुरक्षा सिर्फ सरकारी नियम नहीं, बल्कि हर व्यक्ति की जिम्मेदारी है. थोड़ी सी सावधानी न केवल अपनी, बल्कि सड़क पर चल रहे दूसरे लोगों की जिंदगी भी सुरक्षित रख सकती है.

देवघर से प्रशांत की ख़बर