Cyber Crime : कभी बैंक तो कभी सरकारी अधिकारी बन बैंक खाते से उड़ाते थे पैसे, देवघर पुलिस ने तीन को भेजा जेल 

देवघर जिले के देवीपुर थाना क्षेत्र के जंगल से पुलिस ने तीन साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है. यह शातिर कस्टमर केयर बन कर बैंक खाते से पैसा उड़ाने का काम कर रहे थे
Cyber Crime :  कभी बैंक तो कभी सरकारी अधिकारी बन बैंक खाते से उड़ाते थे पैसे, देवघर पुलिस ने तीन को भेजा जेल

देवघर: जिले में साइबर अपराधियों पर पुलिस का डंडा चल रहा है. शुक्रवार को पुलिस ने कार्रवाई करते हुए देवीपुर थाना क्षेत्र के जंगल से तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया. सभी अलग अलग कंपनी के कस्टमर केयर बन कर लोगों के बैंक खाते से पैसा उड़ाने का काम करते थे. जिसकी सूचना जिले के पुलिस अधीक्षक को मिली और डीएसपी  कैलाश प्रसाद महतो  के नेतृत्व में टीम बनाई गई. जिसमें छापेमारी में तीन को गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तार अपराधियों के पास से मोबइल और सिम के साथ कई दस्तावेज बरामद किए गए है.


पुलिस ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि देवघर जिले के देवीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत पेशरपुर जंगल में कुछ साइबर अपराधी फर्जी तरीके से फ्लिपकार्ट, अमेजन, एयरटेल पेमेंट बैंक और गूगल पर फोनपे ग्राहक सेवा केंद्र के अधिकारी बनकर आम लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं.

सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बेलाल अंसारी, उम्र करीब 31 वर्ष, निवासी बसमता, थाना सोनारायठाढ़ी, विकास कुमार दास, उम्र 23 वर्ष और सिकंदर दास, उम्र करीब 26 वर्ष, दोनों निवासी जमुनियां, थाना देवीपुर, जिला देवघर के रूप में हुई है.

पुलिस के अनुसार, आरोपी फर्जी गूगल पे, फोनपे और एयरटेल पेमेंट बैंक के ग्राहक सेवा अधिकारी बनकर लोगों को नकद वापसी का झांसा देते थे. इसके अलावा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, बिजली बिल और परिवहन विभाग के चालान के नाम पर एपीके फाइल भेजकर मोबाइल का नियंत्रण हासिल करते थे और ठगी की घटना को अंजाम देते थे.

आरोपियों पर एयरटेल पेमेंट बैंक के फर्जी अधिकारी बनकर एयरटेल थैंक्स ऐप के माध्यम से बैंक कार्ड बंद होने और दोबारा चालू कराने के नाम पर भी लोगों को ठगने का आरोप है.पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से दो मोबाइल फोन और चार सिम कार्ड बरामद किए हैं. मामले में आगे की जांच जारी है.

इस छापेमारी अभियान में साइबर थाना के पुलिस अवर निरीक्षक संतोष कुमार मंडल, देवीपुर थाना के पुलिस अवर निरीक्षक प्रशांत कुमार सिंह सहित अन्य सशस्त्र बल शामिल थे.


देवघर - प्रशांत कुमार