देवघर (DEOGHAR): विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेले की तैयारियों के बीच झारखंड पुलिस मुख्यालय के एक फैसले ने पुलिसकर्मियों की चिंताएं बढ़ा दी हैं. मेले में सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए राज्यभर के पुलिसकर्मियों की छुट्टियां अगले आदेश तक रद्द कर दी गई हैं. इस निर्णय के बाद कई जवानों ने मानसिक दबाव और पारिवारिक परेशानियों को लेकर चिंता जताई है. उनका कहना है कि लगातार ड्यूटी के बीच अचानक छुट्टियां रद्द होने से निजी जीवन पूरी तरह प्रभावित हो रहा है.
हर साल श्रावणी मेले में लाखों श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचते हैं. श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाती है. इसी को देखते हुए इस बार भी जिला पुलिस, जैप और अन्य विशेष इकाइयों के पुलिसकर्मियों की छुट्टियां फिलहाल स्थगित कर दी गई हैं. हालांकि, कई पुलिसकर्मियों का कहना है कि वे पहले से ही लगातार कानून-व्यवस्था, वीआईपी ड्यूटी और अन्य जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं. ऐसे में बिना अवकाश के लगातार काम करने से शारीरिक थकान के साथ मानसिक तनाव भी बढ़ रहा है.
पुलिस एसोसिएशन ने क्या कहा?
झारखंड पुलिस एसोसिएशन के अध्यक्ष राहुल मुर्मू ने कहा कि राज्य में पुलिस बल की कमी लंबे समय से एक बड़ी चुनौती बनी हुई है. यदि स्वीकृत पदों के अनुरूप सभी रिक्तियों पर नियुक्तियां हो जाएं, तो रोटेशन के आधार पर छुट्टियां देना आसान होगा. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि आपातकालीन परिस्थितियों में पुलिसकर्मियों को आवश्यकतानुसार अवकाश देने की व्यवस्था पहले से मौजूद है और जरूरत पड़ने पर राहत भी दी जाती है.

