देवघर में साइबर ठगों पर पुलिस का शिकंजा, 5 आरोपी गिरफ्तार

देवघर में साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच कथित साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के पास से सात मोबाइल और छह सिम कार्ड बरामद किए गए हैं.

देवघर में साइबर ठगों पर पुलिस का शिकंजा, 5 आरोपी गिरफ्तार

देवघर (DEOGHAR): साइबर अपराध के खिलाफ देवघर पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है जहां पांच कथित साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर की गई. पुलिस उपाधीक्षक कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में साइबर थाना और देवीपुर थाना की संयुक्त टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया. जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों के साइबर ठगी से जुड़े होने के सुराग मिले. पुलिस का कहना है कि आरोपी अलग-अलग कंपनियों और सरकारी योजनाओं के नाम का इस्तेमाल कर लोगों को अपने जाल में फंसाते थे. फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर उनके नेटवर्क और ठगी के तरीकों से जुड़ी अन्य जानकारियां जुटाई जा रही हैं.

पुलिस के मुताबिक, आरोपी फ्लिपकार्ट, अमेजन पे, एयरटेल पेमेंट बैंक और प्रधानमंत्री किसान योजना के नाम पर लोगों को निशाना बनाते थे. ठगी के लिए आरोपी खुद को Google Pay, PhonePe और Paytm का फर्जी कस्टमर केयर अधिकारी बताकर लोगों से संपर्क करते थे. इसके बाद कैशबैक या किसी अन्य लाभ का झांसा देकर उनसे जरूरी जानकारी हासिल करने की कोशिश की जाती थी. इसके अलावा नकली APK फाइल भेजकर मोबाइल फोन का नियंत्रण अपने हाथ में लेने और एयरटेल पेमेंट बैंक अधिकारी बनकर कार्ड बंद होने का डर दिखाने जैसे तरीकों का भी इस्तेमाल किया जाता था. पुलिस के अनुसार, साइबर अपराधियों का मकसद लोगों से बैंकिंग और डिजिटल लेनदेन से जुड़ी जानकारी हासिल कर ठगी करना था.

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से सात मोबाइल फोन और छह सिम कार्ड बरामद किए हैं. पुलिस ने बरामद मोबाइल और सिम की तकनीकी जांच शुरू कर दी है. शुरुआती जांच में सामने आया है कि इन मोबाइल नंबरों से कई राज्यों में साइबर ठगी से संबंधित शिकायतें दर्ज हैं. इससे पुलिस को आरोपियों के अंतरराज्यीय नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका है. अब पुलिस इन नंबरों और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है. साथ ही आरोपियों के अन्य संभावित साथियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए भी कार्रवाई की जा रही है. पुलिस ने लोगों से ऑनलाइन लेनदेन के दौरान सावधानी बरतने और किसी अनजान लिंक या APK फाइल को डाउनलोड नहीं करने की अपील की है.

रिपोर्ट- प्रशांत कुमार