देवघर (DEOGHAR) : राजकीय श्रावणी मेला 2026 के दौरान 30 जुलाई से 5 अगस्त तक बाबा बैद्यनाथ धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी. जिला प्रशासन द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, इस सात दिवसीय अवधि में 10 लाख 5 हजार 885 श्रद्धालुओं ने बाबा बैद्यनाथ का जलाभिषेक किया. श्रद्धालुओं की आस्था के साथ-साथ मंदिर की आय में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई. विभिन्न स्रोतों से बाबा मंदिर को 86 लाख 85 हजार 162 रुपये की आमदनी हुई.
जिला प्रशासन ने बताया कि पूरे मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, ट्रैफिक नियंत्रण और भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया गया. प्रशासन की ओर से किए गए इंतजामों का लाभ बड़ी संख्या में पहुंचे कांवरियों और श्रद्धालुओं को मिला.
किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े
उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने कहा कि पहली सोमवारी के दौरान मिले अनुभवों के आधार पर दूसरी सोमवारी के लिए व्यवस्थाओं को और अधिक मजबूत बनाया जा रहा है. उन्होंने बताया कि भीड़ प्रबंधन, पेयजल, चिकित्सा सुविधा, साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े.
दूसरी सोमवारी को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क
वहीं, पुलिस अधीक्षक प्रवीन पुष्कर ने कहा कि दूसरी सोमवारी को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है. अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी निगरानी, ट्रैफिक प्रबंधन और संवेदनशील स्थानों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुचारु दर्शन सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है.
बाबा बैद्यनाथ के दर्शन और जलाभिषेक कर सकें
श्रावणी मेला 2026 में लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग संयुक्त रूप से सभी आवश्यक तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं. अधिकारियों ने श्रद्धालुओं से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने और सहयोग बनाए रखने की अपील की है, ताकि सभी श्रद्धालु सुरक्षित एवं सुगमता के साथ बाबा बैद्यनाथ के दर्शन और जलाभिषेक कर सकें.
रिपोर्ट- प्रशांत कुमार

