देवघर पुलिस का ऑपरेशन मुस्कान सफल! 35 लाख के 64 गुम मोबाइल बरामद, मालिकों के चेहरे खिले
देवघर पुलिस ने ऑपरेशन मुस्कान के तहत 64 गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके मालिकों को लौटाए. इन मोबाइल की कीमत करीब 35 लाख रुपये है. एसपी प्रवीण पुष्कर ने मोबाइल सौंपे, जिससे लोगों के चेहरे पर खुशी लौट आई.
देवघर (DEOGHAR): अक्सर कई लोग सोचते है की एक बार उनका मोबाईल गुम हो जाए तो दुबारा नहीं मिलता. लेकिन ऐसा नहीं है. देवघर पुलिस ने ऑपरेशन मुस्कान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस ने जिले के सभी 18 थाना क्षेत्रों से गुम और चोरी हुए 64 मोबाइल फोन बरामद कर उनके असली मालिकों को वापस सौंप दिए हैं. बरामद मोबाइल फोन की अनुमानित बाजार कीमत करीब 35 लाख रुपये बताई जा रही है. एसपी प्रवीण पुष्कर ने अपने कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मोबाइल धारकों को उनके फोन सौंपे. लंबे समय बाद अपना खोया मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरे पर खुशी साफ नजर आई.
CEIR पोर्टल और IMEI नंबर से मिली सफलता
एसपी प्रवीण पुष्कर ने बताया कि पुलिस महानिदेशक के निर्देश पर पूरे झारखंड में ऑपरेशन मुस्कान चलाया जा रहा है. इसके तहत देवघर में साइबर सेल और तकनीकी शाखा की विशेष टीम गठित की गई थी. टीम ने CEIR पोर्टल (Central Equipment Identity Register) और मोबाइल के IMEI नंबर की मदद से गुम हुए फोन की लोकेशन ट्रेस की और उन्हें बरामद किया.
बरामद 64 मोबाइल में सबसे अधिक 8 फोन नगर थाना क्षेत्र के हैं. वहीं बाबा मंदिर थाना क्षेत्र के 7, जबकि मधुपुर और देवीपुर थाना क्षेत्र के 6-6 मोबाइल बरामद किए गए हैं. किसी का मोबाइल एक महीने में मिला तो किसी को 9 महीने और डेढ़ साल बाद अपना फोन वापस मिला. पुलिस के अनुसार, कुछ मोबाइल दूसरे हाथ से खरीदने वालों के पास भी मिले, जिन्हें पूछताछ और जांच के बाद जब्त किया गया.
किसी को 15 दिन तो किसी को 9 महीने बाद मिला फोन
मोबाइल वापस मिलने वालों में बिहार के पटना की वीणा देवी भी शामिल हैं. वह श्रावणी मेला के दौरान कांवर यात्रा के लिए देवघर आई थीं, इसी दौरान उनका मोबाइल गुम हो गया था. शिकायत दर्ज कराने के बाद अब उन्हें फोन वापस मिल गया है. वहीं स्थानीय पंकज वर्मा ने बताया कि महज 15 दिनों में पुलिस ने उनका मोबाइल खोजकर लौटा दिया. मधुपुर की एक युवती को एक महीने बाद फोन मिला, जबकि रिखिया के विशाल का महंगा मोबाइल 9 महीने बाद बरामद हुआ. कई लोगों ने कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनका खोया हुआ फोन दोबारा मिल पाएगा.
मोबाइल गुम होने पर तुरंत करें शिकायत
एसपी प्रवीण पुष्कर ने लोगों से अपील की है कि मोबाइल गुम होने पर तुरंत नजदीकी थाने या साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराएं. मोबाइल का बिल, बॉक्स और IMEI नंबर सुरक्षित रखें, ताकि फोन को ट्रैक करने में आसानी हो. उन्होंने कहा कि ऑपरेशन मुस्कान आगे भी जारी रहेगा और अधिक से अधिक लोगों के खोए मोबाइल बरामद कर उन्हें लौटाने का प्रयास किया जाएगा.
रिपोर्ट- प्रशांत कुमार