चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज देवघर की नई उछाल,SIDBI के राष्ट्रीय नेटवर्क में हुआ शामिल
संताल परगना के औद्योगिक एवं व्यापारिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है. संताल परगना चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (SPCCI), देवघर को भारतीय लघु उद्योग विकास बैंक (SIDBI) की डेवलपमेंट ऑफ इंडस्ट्रीज एसोसिएशंस (DIA) योजना के अंतर्गत चयनित किया गया है
देवघर: संताल परगना के औद्योगिक एवं व्यापारिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है. संताल परगना चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (SPCCI), देवघर को भारतीय लघु उद्योग विकास बैंक (SIDBI) की डेवलपमेंट ऑफ इंडस्ट्रीज एसोसिएशंस (DIA) योजना के अंतर्गत चयनित किया गया है. इस उपलब्धि के साथ चैंबर को राष्ट्रीय स्तर पर औद्योगिक संगठनों के नेटवर्क से जुड़ने का अवसर मिला है.
12 अक्टूबर 2026 को नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित द्वितीय नेशनल कॉन्क्लेव ऑफ इंडस्ट्रीज एसोसिएशंस में चैंबर के पूर्व अध्यक्ष आलोक मल्लिक एवं महासचिव निरंजन कुमार सिंह ने भाग लिया. इस अवसर पर DIA Programme के अंतर्गत देशभर के 120 नए औद्योगिक संगठनों को इस नेटवर्क से जोड़ा गया. झारखंड से SPCCI का चयन होना संताल परगना क्षेत्र के लिए गौरव की बात है.
चैंबर के पूर्व अध्यक्ष एवं DIA Programme के नोडल अधिकारी आलोक मल्लिक ने बताया कि SIDBI ने वर्ष 2025 में लगभग 105 औद्योगिक संगठनों के साथ इस पहल की शुरुआत की थी. अब 120 नए संगठनों को जोड़कर कार्यक्रम का विस्तार किया गया है. उन्होंने कहा कि SIDBI की चयन प्रक्रिया से गुजरकर SPCCI का इस कार्यक्रम में शामिल होना संताल परगना के उद्योग एवं व्यापार जगत के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है. SIDBI इस योजना के अंतर्गत चयनित संगठनों को विभिन्न स्तरों पर सशक्त एवं सक्षम बनाने में सहयोग प्रदान करेगी.
इस पहल का मुख्य उद्देश्य स्थानीय उद्यमियों और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSMEs) तक राष्ट्रीय स्तर पर संस्थागत सहयोग एवं सरकारी योजनाओं का लाभ पहुँचाने में सहायता करना है. DIA Programme के तहत SIDBI के सहयोग से चैंबर की संस्थागत क्षमता मजबूत करने, उद्यमियों को वित्तीय योजनाओं एवं अन्य सरकारी सहायता की जानकारी उपलब्ध कराने, उनकी समस्याओं को उचित मंच तक पहुँचाने तथा व्यवसाय विस्तार और नेटवर्किंग के अवसर बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है.
चैंबर के अध्यक्ष गोपाल कृष्ण शर्मा एवं महासचिव निरंजन कुमार सिंह ने कहा कि SPCCI इस अवसर का उपयोग संताल परगना में उद्यमिता को प्रोत्साहित करने, MSME इकाइयों को सशक्त बनाने, निवेश की संभावनाओं को बढ़ावा देने और रोजगार सृजन के अवसर विकसित करने के लिए करेगा. चैंबर का प्रयास रहेगा कि इस राष्ट्रीय पहल का लाभ क्षेत्र के अधिकाधिक व्यापारियों एवं उद्यमियों तक पहुँचे.चैंबर ने इस महत्वपूर्ण पहल के लिए SIDBI के प्रति आभार व्यक्त करते हुए संताल परगना के औद्योगिक एवं आर्थिक विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई.