श्रावणी मेला पर रेलवे की बड़ी सौगात, चलेंगी बासुकीनाथ-गोरखपुर समेत कई स्पेशल ट्रेनें

श्रावणी मेला पर रेलवे की बड़ी सौगात, चलेंगी बासुकीनाथ-गोरखपुर समेत कई स्पेशल ट्रेनें

देवघर (DEOGHAR): श्रावणी मेला पर रेलवे ने यात्रियों को बड़ा तोफ़ा दिया है. श्रावणी मेला के दौरान बाबा बैद्यनाथ धाम और बासुकीनाथ जाने वाले श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पूर्व रेलवे ने कई अतिरिक्त अनारक्षित श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेनों के परिचालन का फैसला लिया है. इन ट्रेनों से झारखंड के साथ बिहार और उत्तर प्रदेश के श्रद्धालुओं को भी आवागमन में राहत मिलेगी. बासुकीनाथ-गोरखपुर, गोरखपुर-मधुपुर और आसनसोल-गोरखपुर के बीच विशेष ट्रेनें चलेंगी. कई ट्रेनों का ठहराव जसीडीह, देवघर, मधुपुर और चित्तरंजन जैसे प्रमुख स्टेशनों पर दिया गया है. बासुकीनाथ-गोरखपुर विशेष ट्रेन संख्या 03569 का परिचालन 17 और 24 अगस्त को होगा. यह बासुकीनाथ से 15.05 बजे रवाना होकर अगले दिन 04.20 बजे गोरखपुर पहुंचेगी.

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए गोरखपुर-मधुपुर विशेष ट्रेन संख्या 03570 भी 18 और 25 अगस्त को चलेगी. यह गोरखपुर से 06.30 बजे रवाना होकर 19.30 बजे मधुपुर पहुंचेगी और जसीडीह में ठहरेगी. वहीं आसनसोल-गोरखपुर विशेष ट्रेन 03571 का परिचालन 18 और 25 अगस्त को होगा, जबकि वापसी में ट्रेन संख्या 03572 गोरखपुर से 19 और 26 अगस्त को चलेगी. इन ट्रेनों का ठहराव चित्तरंजन, मधुपुर और जसीडीह में होगा. इसके अलावा 03565 बासुकीनाथ-पटना श्रावणी मेला विशेष ट्रेन का विस्तार गोरखपुर तक किया गया है. यह ट्रेन 18 और 25 अगस्त को बासुकीनाथ से 10.30 बजे रवाना होकर अगले दिन 03.30 बजे गोरखपुर पहुंचेगी.

वहीं वापसी में गोरखपुर-जसीडीह विशेष ट्रेन 19 और 26 अगस्त को चलेगी. यह गोरखपुर से 06.10 बजे रवाना होकर 18.45 बजे जसीडीह पहुंचेगी. इसके अलावा श्रावणी मेला के दौरान मधुपुर-गया-मधुपुर विशेष ट्रेन की सेवा भी जारी रहेगी. ट्रेन संख्या 03654 गया-मधुपुर 17 से 28 अगस्त तक 12 फेरे लगाएगी, जबकि 03653 मधुपुर-गया 18 से 29 अगस्त तक 12 फेरे लगाएगी. रेलवे के इस फैसले से कांवड़ियों और श्रद्धालुओं को काफी राहत मिलने की उम्मीद है. यात्रियों को सलाह दी गई है कि सफर से पहले ट्रेन के समय और ठहराव की नवीनतम जानकारी अधिकृत रेलवे माध्यमों से जरूर जांच लें.