देवघर (DEOGHAR): विश्व प्रसिद्ध राजकीय श्रावणी मेले की शुरुआत से पहले देवघर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रंगदारी और दहशत फैलाने की साजिश को नाकाम कर दिया है. पुलिस ने हथियार के बल पर दुकानदारों को डराने और रंगदारी वसूलने की तैयारी कर रहे तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक अवैध देसी कट्टा और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं. इनमें से दो आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है.
श्रावणी मेले में दुकानदारों को बना रहे थे निशाना
30 जुलाई से शुरू होने वाले श्रावणी मेले में देशभर से हजारों अस्थायी दुकानदार देवघर पहुंचते हैं. लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ के कारण मेले में व्यापार भी बड़े स्तर पर होता है. पुलिस के अनुसार, इसी का फायदा उठाकर कुछ आपराधिक गिरोह दुकानदारों से रंगदारी वसूलने की कोशिश करते हैं. बताया गया कि सौरभ पलिवार गिरोह से जुड़े सक्रिय सदस्य रौशन झा उर्फ सुचा, विजय गुप्ता और अमित कुमार यादव मंदिर और आसपास के इलाकों में हथियार लहराकर दुकानदारों के बीच दहशत का माहौल बना रहे थे. आरोप है कि वे दुकानदारों को समय पर रंगदारी देने की धमकी भी दे रहे थे.
एसपी के निर्देश पर बनी विशेष टीम, भीड़भाड़ वाले इलाके से गिरफ्तारी
घटना की सूचना मिलते ही देवघर के पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने तत्काल विशेष टीम का गठन कर कार्रवाई के निर्देश दिए. पुलिस ने योजना बनाकर हरिशरणम कुटिया के पास भीड़भाड़ वाले इलाके में बाइक सवार तीनों आरोपियों को दबोच लिया. तलाशी के दौरान उनके पास से एक अवैध देसी कट्टा और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए. पुलिस ने हथियार और बाइक को जब्त कर आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है.
हत्या, रंगदारी और जमीन कब्जाने जैसे मामलों से जुड़े हैं आरोपी
एसपी प्रवीण पुष्कर ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी एक कुख्यात गिरोह के लिए काम करते थे. गिरोह पर हत्या, अपहरण, रंगदारी, व्यवसायियों को धमकाने, दहशत फैलाने और जमीन कब्जाने जैसे गंभीर आरोप हैं. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रौशन झा और विजय गुप्ता के खिलाफ विभिन्न थानों में पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं.
श्रावणी मेले को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने सभी व्यापारियों और अस्थायी दुकानदारों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति रंगदारी मांगता है या धमकी देता है तो इसकी तुरंत सूचना पुलिस को दें. उन्होंने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और देवघर पुलिस मेले में आने वाले हर श्रद्धालु और व्यापारी की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह तैयार है.
रिपोर्ट : ऋतुराज सिन्हा

