देवघर में दुकान पर मिल रही एक्सपायरी आइसक्रीम और कोल्ड ड्रिंक,छापेमारी में हुआ खुलासा  

देवघर: जिले के सारवां क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों में छापेमारी कर एक्सपायरी खाद्य पदार्थों को बरामद किया. जांच के दौरान आइसक्रीम फ्लेवर और कोल्ड ड्रिंक की बोतलें एक्सपायरी पाई गईं. विभाग ने दोनों उत्पादों को मौके पर ही नष्ट करा दिया

देवघर में दुकान पर मिल रही एक्सपायरी आइसक्रीम और कोल्ड ड्रिंक,छापेमारी में हुआ खुलासा

देवघर: जिले के सारवां क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों में छापेमारी कर एक्सपायरी खाद्य पदार्थों को बरामद किया. जांच के दौरान आइसक्रीम फ्लेवर और कोल्ड ड्रिंक की बोतलें एक्सपायरी पाई गईं. विभाग ने दोनों उत्पादों को मौके पर ही नष्ट करा दिया और संबंधित दुकानदारों को नोटिस जारी कर खाद्य सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया.

दरअसल उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी के निर्देश पर 22 अक्टूबर को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सारवां क्षेत्र में विशेष जांच अभियान चलाया. इस अभियान का उद्देश्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना और उपभोक्ताओं को एक्सपायरी एवं मिलावटी खाद्य सामग्री की बिक्री से बचाना था. टीम ने क्षेत्र के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों में पहुंचकर खाद्य उत्पादों की गुणवत्ता, उनकी वैधता और निर्धारित मानकों के अनुपालन की जांच की.

जांच के दौरान अनमोल आइस एंड आइसक्रीम में आइसक्रीम फ्लेवर की 13 बोतलें एक्सपायरी पाई गईं. वहीं, सौम्या स्वीट्स में माज़ाकोल्ड ड्रिंक की 20 बोतलें निर्धारित अवधि समाप्त होने के बाद भी पाई गईं. खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने दोनों प्रतिष्ठानों से बरामद एक्सपायरी उत्पादों को मौके पर ही नष्ट करा दिया. साथ ही संबंधित कारोबारियों को नोटिस जारी कर आवश्यक निर्देश दिए गए.

इसके अलावा, चौधरी स्वीट्स में जलेबी और बालूशाही में कृत्रिम खाद्य रंग पाए जाने के मामले में भी कार्रवाई की गई. जांच टीम ने अन्य मिठाई दुकानों में भी खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच की और दुकानदारों को निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप ही उत्पाद तैयार करने और बेचने की हिदायत दी.

इस अभियान में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी शैलेश कुमार यादव और अंजलि विवा मिंज शामिल रहे. अधिकारियों ने कारोबारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि दुकानों में एक्सपायरी खाद्य पदार्थों का भंडारण और बिक्री न करें. खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.

खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र के खाद्य कारोबारियों में सतर्कता बढ़ने की उम्मीद है. विभाग ने उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच और मानकों के अनुपालन पर जोर दिया है.

देवघर – प्रशांत कुमार.