झारखंड निशानेबाजी प्रतियोगिता में देवघर का जलवा, तमन्ना ने जीता गोल्ड तो आतिश को मिला सिल्वर

झारखंड निशानेबाजी प्रतियोगिता में देवघर का जलवा, तमन्ना ने जीता गोल्ड तो आतिश को मिला सिल्वर

देवघर (DEOGHAR): झारखंड स्टेट राइफल एसोसिएशन की ओर से आयोजित 16वीं झारखंड स्टेट राइफल और पिस्टल शूटिंग प्रतियोगिता में देवघर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया है. प्रतियोगिता में देवघर जिला राइफल शूटिंग संघ की तमन्ना झा ने गोल्ड मेडल जीतकर जिले का नाम रोशन किया. वहीं आतिश ने सिल्वर मेडल अपने नाम किया.

तमन्ना ने 25 मीटर फायर आर्म्स पिस्टल में जीता स्वर्ण

आसनसोल राइफल क्लब में 29 से 31 जुलाई तक आयोजित इस प्रतियोगिता में लड़कियों के ग्रुप में तमन्ना झा ने 25 मीटर फायर आर्म्स पिस्टल मुकाबले में बेहतरीन निशाना लगाया.

तमन्ना ने 300 में से 246 अंक हासिल कर पहला स्थान हासिल किया और गोल्ड मेडल अपने नाम किया. उनकी इस उपलब्धि से देवघर जिला राइफल शूटिंग संघ और जिले के खेल प्रेमियों में खुशी का माहौल है.

आतिश ने सिल्वर मेडल पर जमाया कब्जा

वहीं ओपन ग्रुप में आतिश ने भी शानदार प्रदर्शन किया. उन्होंने .32 फायर आर्म्स पिस्टल 25 मीटर मुकाबले में 300 में से 230 अंक हासिल किए और सिल्वर मेडल जीतने में सफल रहे.

दोनों खिलाड़ियों को नेशनल राइफल एसोसिएशन के सदस्य और वेस्ट बंगाल राइफल शूटिंग संघ के अध्यक्ष वी.के डाल ने मेडल पहनाकर सम्मानित किया.

देवघर के 6 से 7 खिलाड़ी जाएंगे ईस्ट इंडिया शूटिंग चैंपियनशिप

देवघर जिला राइफल शूटिंग संघ के सचिव आजाद कुमार पाठक ने बताया कि प्रतियोगिता में जिले के निशानेबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया है. उनके प्रदर्शन और अंकों के आधार पर देवघर के 6 से 7 खिलाड़ी ईस्ट इंडिया शूटिंग चैंपियनशिप में हिस्सा लेंगे.

उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर बेहतर प्रदर्शन किया है. संघ की ओर से जल्द ही सफल खिलाड़ियों को सम्मानित भी किया जाएगा.

खेल जगत से मिल रही बधाइयां

देवघर के खिलाड़ियों की इस सफलता पर जिले के खेल पदाधिकारियों और खेल संगठनों ने खुशी जताई है.

बधाई देने वालों में देवघर जिला खेल पदाधिकारी संतोष कुमार, जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष डॉ. सुनील खवाड़े, देवघर राइफल शूटिंग संघ के अध्यक्ष कृष्ण कुमार चौबे, जिला ओलंपिक संघ के सचिव चंदना झा, डीएसए सचिव आशीष झा समेत कई खेल पदाधिकारी और सदस्य शामिल हैं.

देवघर के निशानेबाजों की इस उपलब्धि से जिले में निशानेबाजी खेल को नई पहचान मिली है और आने वाले समय में खिलाड़ियों से और बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई जा रही है.