देवघर:कस्टमर केयर बन कर उड़ा रहे थे पैसा, पुलिस ने 16 साइबर अपराधियों को किया गिरफ्तार 

पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर और पुलिस उपाधीक्षक कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में सारठ और पथरड्डा थाना क्षेत्र में विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया.

देवघर:कस्टमर केयर बन कर उड़ा रहे थे पैसा, पुलिस ने 16 साइबर अपराधियों को किया गिरफ्तार

 

देवघर: फ्लिपकार्ट और बैंक अधिकारी बन कर पैसे उड़ाने वाले गिरोह पर देवघर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. एक साथ 16 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है. गिरफ्तार अपराधी राज्य और राज्य के बाहर लोगों को ठगी का शिकार बनाते थे. लगातार मिल रही शिकायत पर एसपी प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर कार्रवाई की गई है.जिसमें 16 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है.

पुलिस ने आरोपियों के पास से 19 मोबाइल फोन और 25 सिम कार्ड बरामद किए हैं.पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी अलग-अलग तरीकों से लोगों को झांसे में लेकर साइबर ठगी की वारदात को अंजाम देते थे.

पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर और पुलिस उपाधीक्षक कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में सारठ और पथरड्डा थाना क्षेत्र में विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया.अभियान के दौरान पुलिस टीम ने संदिग्ध गतिविधियों में शामिल 16 लोगों को गिरफ्तार किया.

पुलिस के मुताबिक, आरोपी फ्लिपकार्ट, अमेजन पे, एयरटेल पेमेंट बैंक और गूगल पे-फोनपे के ग्राहक सेवा अधिकारी बनकर लोगों से संपर्क करते थे.इसके बाद कैशबैक, रिफंड या अन्य ऑफर का झांसा देकर उनसे बैंकिंग और निजी जानकारी हासिल करने की कोशिश की जाती थी.

इसके अलावा आरोपी प्रधानमंत्री किसान योजना, बिजली बिल, आरटीओ चालान और आधार अपडेट के नाम पर लोगों को एपीके फाइल भेजते थे.पुलिस को आशंका है कि इन फाइलों के जरिए मोबाइल फोन का नियंत्रण हासिल कर संवेदनशील जानकारी और बैंकिंग डिटेल तक पहुंचने का प्रयास किया जाता था.

पुलिस की तकनीकी जांच में गिरफ्तार आरोपियों से जुड़े साइबर ठगी के मामलों के संबंध कई राज्यों में भी सामने आए हैं. पुलिस अब इन मामलों की जानकारी जुटाने के साथ आरोपियों के नेटवर्क और उनके संपर्कों की जांच कर रही है.

पुलिस का कहना है कि साइबर अपराध के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा.लोगों से अपील की गई है कि अनजान लिंक, एपीके फाइल और संदिग्ध फोन कॉल से सावधान रहें तथा किसी भी व्यक्ति के साथ बैंकिंग या निजी जानकारी साझा न करें.

रिपोर्ट: प्रशांत कुमार