देवघर: दुर्गा पूजा को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट, महिलाओं की सुरक्षा पर विशेष जोर

देवघर:जिले में दुर्गा पूजा को लेकर सुरक्षा के चाक चौबंद इंतजाम किए गए है. शहर के सभी पूजा पंडाल और चौक चौराहे पर पुलिस की पैनी नजर है.पूजा पंडाल पहुँचने वाले श्रद्धालुओं को कोई परेशानी ना हो इसका विशेष ख्याल रखा जा रहा है

देवघर:जिले में दुर्गा पूजा को लेकर सुरक्षा के चाक चौबंद इंतजाम किए गए है. शहर के सभी पूजा पंडाल और चौक चौराहे पर पुलिस की पैनी नजर है.पूजा पंडाल पहुँचने वाले श्रद्धालुओं को कोई परेशानी ना हो इसका विशेष ख्याल रखा जा रहा है. इसी कड़ी में जिले के उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया है. जिसमें महिलाओं की सुरक्षा पर विशेष जोर दिया है.       

श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है. खास तौर पर महिलाओं की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है.  जिला प्रशासन ने सभी पूजा पंडालों में महिलाओं के लिए अलग कतार की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है. इसके अलावा, भीड़भाड़ वाले इलाकों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की जाएगी.

दुर्गा पूजा के अवसर पर देवघर जिले में सैकड़ों स्थानों पर पूजा समितियों की ओर से भव्य पंडालों का निर्माण किया जाता है. इन पंडालों में मां दुर्गा की आकर्षक प्रतिमाएं स्थापित की जाती हैं, जिनके दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं. आमतौर पर सप्तमी तिथि को मां का पट खुलने के साथ ही श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने लगती है. इसे ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन की व्यापक तैयारी की है.

इसी क्रम में बुधवार को उपायुक्त सौरभ भुवानिया और पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने अधीनस्थ अधिकारियों के साथ शहर के विभिन्न पूजा पंडालों का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने पूजा समितियों के सदस्यों से बातचीत कर तैयारियों और श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं की जानकारी ली.

उपायुक्त सौरभ भुवानिया ने कहा कि जिन पूजा पंडालों में भीड़ नियंत्रण की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होगी, वहां जिला प्रशासन की ओर से आवश्यक सहयोग दिया जाएगा. उन्होंने बताया कि पूजा समितियों को सभी पंडालों में सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं. साथ ही, आग से बचाव के लिए अग्निशमन उपकरणों की व्यवस्था भी की गई है. महिलाओं की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए उनके लिए अलग कतार की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी.

यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन की ओर से निर्धारित रूट प्लान के अनुसार वाहनों का परिचालन कराया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो.

वहीं, पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है. असामाजिक तत्वों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी. पूजा पंडालों के साथ-साथ भीड़ जुटने की आशंका वाले अन्य स्थानों पर भी पुलिस बल तैनात किया जाएगा.

रिपोर्ट: प्राशांत कुमार