बाबा बैद्यनाथ के दरबार पहुंचे क्रिकेटर ईशान किशन, वैभव सूर्यवंशी की जमकर की तारीफ

भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन शुक्रवार को बाबा बैद्यनाथ की नगरी देवघर पहुंचे. यहां उन्होंने विश्व प्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना कर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद लिया. इस दौरान उन्होंने अपने उज्ज्वल भविष्य के साथ-साथ सभी की सुख-समृद्धि और मंगलकामना की.

देवघर(DEOGHAR): भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन शुक्रवार को बाबा बैद्यनाथ की नगरी देवघर पहुंचे. यहां उन्होंने विश्व प्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना कर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद लिया. इस दौरान उन्होंने अपने उज्ज्वल भविष्य के साथ-साथ सभी की सुख-समृद्धि और मंगलकामना की. ईशान किशन के मंदिर पहुंचने की खबर मिलते ही क्रिकेट फैन और श्रद्धालुओं के बीच उन्हें देखने की उत्सुकता बढ़ गई.

क्रिकेट के मैदान से बाबा के दरबार तक पहुंचे ईशान

मैदान पर अपने आक्रामक अंदाज और विस्फोटक बल्लेबाजी के लिए पहचाने जाने वाले ईशान किशन इस बार भक्ति के रंग में नजर आए. बाबा मंदिर में विधि-विधान से पूजा करने के बाद उन्होंने भगवान भोलेनाथ से सबके अच्छे भविष्य की कामना की. ईशान किशन का देवघर पहुंचना स्थानीय क्रिकेट प्रेमियों के लिए भी खास रहा.

ईशान किशन भारतीय क्रिकेट में अपनी अलग पहचान बना चुके हैं. उन्होंने दिसंबर 2022 में बांग्लादेश के खिलाफ वनडे मुकाबले में महज 126 गेंदों पर 200 रन बनाकर इतिहास रचा था. उनकी इस पारी ने उन्हें अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के चुनिंदा दोहरा शतक लगाने वाले बल्लेबाजों की सूची में शामिल कर दिया था.

वैभव सूर्यवंशी के टैलेंट के मुरीद हुए ईशान

मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ ही ईशान किशन ने युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी की प्रतिभा की भी जमकर तारीफ की. उन्होंने कहा कि भारतीय क्रिकेट को काफी समय बाद वैभव सूर्यवंशी जैसा प्रतिभाशाली खिलाड़ी मिला है. ईशान की इस बात से साफ है कि वह वैभव की बल्लेबाजी और उनके खेल से काफी प्रभावित हैं.

बता दें कि बाबा बैद्यनाथ धाम देश के 12 पवित्र ज्योतिर्लिंगों में से एक है. यहां आम श्रद्धालुओं के साथ-साथ देश की कई जानी-मानी हस्तियां भी बाबा का आशीर्वाद लेने पहुंचती हैं. ऐसे में भारतीय क्रिकेटर ईशान किशन का देवघर आगमन शहर में चर्चा का विषय बना रहा.