Big Update : CJI सूर्यकांत कल देवघर दौरे पर, बाबा बैद्यनाथ धाम में करेंगे पूजा-अर्चना
CJI सूर्यकांत कल देवघर दौरे पर पहुंचेंगे. बाबा बैद्यनाथ धाम में पूजा-अर्चना के बाद राज्य स्तरीय विधिक सेवा एवं सशक्तिकरण शिविर में शामिल होंगे. प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात के पुख्ता इंतजाम किए हैं.

RITURAJ SINHA
Senior News Publisher • TheNewsPost.in
देवघर : भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) न्यायमूर्ति सूर्यकांत कल देवघर दौरे पर पहुंचेंगे. उनके आगमन को लेकर जिला प्रशासन और न्यायिक विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं. मुख्य न्यायाधीश दोपहर बाद देवघर एयरपोर्ट पहुंचेंगे. इसके बाद वे बाबा बैद्यनाथ धाम में पूजा-अर्चना करेंगे और व्यवहार न्यायालय परिसर में आयोजित राज्य स्तरीय विधिक सेवा सह सशक्तिकरण शिविर में शामिल होंगे. कार्यक्रम के बाद वे अपने गंतव्य के लिए रवाना हो जाएंगे.

मुख्य न्यायाधीश के आगमन और प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश कौशल किशोर झा, उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया और पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने व्यवहार न्यायालय परिसर में संयुक्त रूप से निरीक्षण किया. इस दौरान कार्यक्रम स्थल की तैयारियों और व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया.उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां समय पर पूरी करने और आपसी समन्वय के साथ आयोजन को गरिमापूर्ण बनाने का निर्देश दिया. वहीं, पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था, पुलिस बलों की तैनाती और यातायात प्रबंधन की समीक्षा की. मुख्य न्यायाधीश के काफिले के सुरक्षित और निर्बाध आवागमन के लिए विशेष रूट चार्ट भी तैयार किया गया है.
मुख्य न्यायाधीश के दौरे को लेकर देवघर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं.
देवघर से प्रशांत की रिपोर्ट