बड़ी खबर: देवघर में डकैती की योजना नाकाम, अंतरराज्यीय गिरोह के छह सदस्य गिरफ्तार
देवघर में एक बड़ी डकैती की वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहे अपराधियों के मंसूबों पर पुलिस ने पानी फेर दिया है. नगर थाना पुलिस ने समय रहते कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय आपराधिक गिरोह का पर्दाफाश किया है. इस मामले में पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
देवघर(DEOGHAR): देवघर में एक बड़ी डकैती की वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहे अपराधियों के मंसूबों पर पुलिस ने पानी फेर दिया है. नगर थाना पुलिस ने समय रहते कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय आपराधिक गिरोह का पर्दाफाश किया है. इस मामले में पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इनके पास से अवैध हथियार, कारतूस, धारदार हथियार, नकदी और चोरी के आभूषण बरामद किए गए हैं. वहीं, एक आरोपी अंधेरे और झाड़ियों का फायदा उठाकर फरार हो गया.
हथियार और डेढ़ लाख रुपये बरामद
पूछताछ में आरोपियों ने बेलाबगान के एक घर में डकैती की योजना बनाने की बात स्वीकार की. पुलिस ने इनके पास से एक रिवॉल्वर, पांच जिंदा कारतूस, धारदार हथियार, लोहे के औजार, डेढ़ लाख रुपये नकद, पांच मोबाइल फोन और करीब डेढ़ किलो चांदी के आभूषण बरामद किए हैं.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रेम यादव उर्फ फुहिया, नरेश पासवान उर्फ नारू पासवान, लालू यादव, नागेंद्र सिंह, नरेश प्रसाद पोद्दार और विजय पोद्दार के रूप में हुई है. इनमें चार लोगों को आपराधिक गिरोह से जुड़ा बताया गया है, जबकि दो आभूषण कारोबारियों पर चोरी के गहने खरीदने का आरोप है.
पांच पुराने मामलों का भी खुलासा
पुलिस का दावा है कि इस कार्रवाई से देवघर नगर, रिखिया और कुंडा थाना क्षेत्रों में दर्ज चोरी और लूट के पांच मामलों का भी खुलासा हुआ है. इनमें सत्संग चौक, बेलाबगान, बरमसिया, रामपुर और बैजनाथपुर की घटनाएं शामिल हैं.
पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में प्रेम यादव का पुराना आपराधिक इतिहास भी रहा है. फिलहाल फरार आरोपी की तलाश में छापेमारी की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.
रिपोर्ट- प्रशांत कुमार