आज देवघर आएंगे असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा, नए मल्टी-स्पेशलिटी अस्पताल का करेंगे उद्घाटन
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा आज देवघर के मोहनपुर स्थित दर्दमारा में बाबा बैद्यनाथ मेडिकल ट्रस्ट के मल्टी-स्पेशलिटी अस्पताल का उद्घाटन करेंगे. समारोह में गोड्डा सांसद डॉ. निशिकांत दुबे, ट्रस्ट की अध्यक्ष अनामिका गौतम और पीडी हिंदुजा अस्पताल के अधिकारी मौजूद रहेंगे.
देवघर(DEOGHAR): संताल परगना में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में बुधवार को एक नई पहल होने जा रही है. देवघर के मोहनपुर प्रखंड अंतर्गत दर्दमारा में बाबा बैद्यनाथ मेडिकल ट्रस्ट के मल्टी-स्पेशलिटी अस्पताल का उद्घाटन किया जाएगा. समारोह में असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और अस्पताल का उद्घाटन करेंगे. कार्यक्रम सुबह 11 बजे निर्धारित है.
निशिकांत दुबे भी रहेंगे मौजूद
उद्घाटन समारोह में गोड्डा के सांसद डॉ. निशिकांत दुबे भी मौजूद रहेंगे. उनके अलावा बाबा बैद्यनाथ मेडिकल ट्रस्ट की अध्यक्ष अनामिका गौतम और पीडी हिंदुजा अस्पताल एवं मेडिकल रिसर्च सेंटर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौतम खन्ना के भी कार्यक्रम में शामिल होने की जानकारी है. नए अस्पताल को बाबा बैद्यनाथ मेडिकल ट्रस्ट और पीडी हिंदुजा अस्पताल एवं मेडिकल रिसर्च सेंटर के सहयोग से शुरू किया जा रहा है.
क्षेत्र में बेहतर इलाज उपलब्ध कराने की पहल
मल्टी-स्पेशलिटी अस्पताल शुरू होने से देवघर के साथ संताल परगना और आसपास के इलाकों के मरीजों को फायदा मिलने की उम्मीद है. अस्पताल का उद्देश्य लोगों को उनके क्षेत्र में ही आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं और विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं उपलब्ध कराना है. अस्पताल का संचालन और प्रबंधन पीडी हिंदुजा अस्पताल द्वारा किए जाने की जानकारी दी गई है. यहां आधुनिक तकनीक और विशेषज्ञों की देखरेख में चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है.
बड़े शहरों पर निर्भरता कम होने की उम्मीद
देवघर में गंभीर और जटिल बीमारियों के इलाज के लिए एम्स जैसी बड़ी स्वास्थ्य सुविधा पहले से मौजूद है. नए मल्टी-स्पेशलिटी अस्पताल के शुरू होने से क्षेत्र में चिकित्सा सेवाओं का एक और विकल्प उपलब्ध होगा. इससे उन मरीजों को विशेष लाभ मिलने की उम्मीद है, जिन्हें बेहतर या विशेषज्ञ इलाज के लिए दूसरे बड़े शहरों का रुख करना पड़ता है. देवघर एम्स में भी चिकित्सा सेवाओं का लगातार विस्तार हुआ है.
उद्घाटन समारोह में जुटेंगे कई प्रमुख लोग
अस्पताल परिसर में आयोजित उद्घाटन समारोह को लेकर तैयारियां की गई हैं. असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा, सांसद निशिकांत दुबे, अनामिका गौतम और अस्पताल प्रबंधन से जुड़े पदाधिकारियों की मौजूदगी में अस्पताल की औपचारिक शुरुआत होगी. इस नई स्वास्थ्य सुविधा से देवघर और आसपास के जिलों में विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं की उपलब्धता बढ़ने की उम्मीद है.
रिपोर्ट - प्रशांत कुमार