सावन की दूसरी सोमवारी पर देवघर में उमड़ा आस्था का सैलाब, प्रदोष के दुर्लभ संयोग में बाबा बैद्यनाथ का जलार्पण

सावन की दूसरी सोमवारी और प्रदोष के दुर्लभ संयोग पर बाबा बैद्यनाथ धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी. करीब चार लाख शिवभक्तों के जलार्पण की उम्मीद है.

सावन की दूसरी सोमवारी पर देवघर में उमड़ा आस्था का सैलाब, प्रदोष के दुर्लभ संयोग में बाबा बैद्यनाथ का जलार्पण

देवघर (DEOGHAR) : सावन की दूसरी सोमवारी पर देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ मंदिर में शिवभक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा है. इस बार सोमवारी के साथ तिथि का विशेष संयोग भी बना है. श्रावण मास के कृष्ण पक्ष की द्वादशी के साथ त्रयोदशी तिथि पड़ने के कारण प्रदोष का संयोग बन रहा है. धार्मिक मान्यताओं में प्रदोष को भगवान शिव की आराधना के लिए बेहद शुभ माना जाता है.

भक्तों की मनोकामनाएं पूरी होने की मान्यता है

जानकारों के अनुसार, सावन की सोमवारी और प्रदोष के इस संयोग में द्वादश ज्योतिर्लिंग की पूजा-अर्चना और जलार्पण करने से भक्तों की मनोकामनाएं पूरी होने की मान्यता है. यही कारण है कि बाबा बैद्यनाथ के दर्शन और जलार्पण के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु देवघर पहुंचे हैं.

भगवान शिव की तपस्या कर वरदान प्राप्त किया था

धार्मिक जानकार असुर संहिता का उल्लेख करते हुए बताते हैं कि इसी तरह के तिथि और दिन के संयोग में भस्मासुर ने भगवान शिव की तपस्या कर वरदान प्राप्त किया था. मान्यता के अनुसार उसे वरदान मिला था कि वह जिसके सिर पर हाथ रखेगा, वह भस्म हो जाएगा. बाद में भस्मासुर ने भगवान शिव पर ही इस वरदान का प्रयोग करने का प्रयास किया जिसके बाद भगवान विष्णु ने शिव की सहायता की थी.

श्रद्धालुओं की भीड़ जलार्पण के लिए उमड़ पड़ी

सोमवार सुबह बाबा बैद्यनाथ मंदिर का पट खुलते ही श्रद्धालुओं की भीड़ जलार्पण के लिए उमड़ पड़ी. प्रशासन को उम्मीद है कि दूसरी सोमवारी पर करीब चार लाख श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ का जलार्पण करेंगे.श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क है. जिला उपायुक्त सौरभ भुवानिया और एसपी प्रवीण पुष्कर सुबह से मंदिर क्षेत्र में मौजूद रहकर व्यवस्थाओं और श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर नजर बनाए हुए हैं. जलार्पण के लिए पहुंचे शिवभक्त देवघर में प्रशासन की ओर से की गई सुविधाओं और व्यवस्थाओं की सराहना कर रहे हैं.

रिपोर्ट – प्रशांत कुमार