TNP desk: इस सावन रेलवे बाबा धाम के यात्रियों को बड़ा तोहफा देने जा रहा है. रेलवे अब यात्रियों को होटल जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराएगा, चार्ज भी घंटे के अनुसार लिया जाएगा. होटल में जहां 24 घंटे का शुल्क लिया जाता है, वहीं रेलवे घंटे के हिसाब से सुविधा देगा और इसका शुल्क लेगा. जानकारी के अनुसार आसनसोल रेल मंडल के चार स्टेशनों जसीडीह, मधुपुर, दुर्गापुर और सिमुलतला में पहली बार यात्रियों के विश्राम के लिए होटल जैसी आधुनिक तकनीक से लैस विश्राम कक्ष का निर्माण हो रहा है. रेलवे की योजना है कि इस अत्याधुनिक विश्राम कक्ष के जरिए यात्रियों को बहुत कम खर्चे में सुविधा उपलब्ध कराई जाए.
विश्राम कक्ष पूरी तरह से वातानुकूलित होगा
यह विश्राम कक्ष पूरी तरह से वातानुकूलित हाल के रूप में होगा. जिसके भीतर आधुनिक गद्यादार बेड लगाए जाएंगें। इसमें हाई स्पीड वाई-फाई, एलईडी लाइ, आधुनिक तकनीक से लैस बाथरूम और सामान की सुरक्षा के लिए डिजिटल लॉकर की व्यवस्था की जाएगी. इसके अलावा हॉल के भीतर एक मल्टी कुकीज रेस्टोरेंट और फूड स्टॉल भी रहेगा. जहां यात्रियों के खाने-पीने की पूरी सुविधा होगी. हॉल में एक एलइडी टीवी भी रहेगा. जिसमें यात्रियों को रेल सुरक्षा नियमों और रेलवे की विभिन्न सुविधाओं की जानकारी दी जाएगी. स्टेशनों पर मिलने वाली सुविधा किसी बड़े होटल की तरह होगी.
घंटे के हिसाब से लगेगा चार्ज ,क्या होंगें फायदे
इसमें यात्रियों को अपनी जरूरत के अनुसार केवल एक या दो घंटे अथवा जितने समय वह रुकना चाहें , उतने ही समय के लिए ठहरने की अनुमति होगी और शुल्क भी प्रति घंटे के हिसाब से लिया जाएगा. बाहर के होटल में जहां 24 घंटे का किराया देना पड़ता है , रेलवे की व्यवस्था से उन्हें सहूलियत होगी. रेलवे निजी ठेकेदार को यह जिम्मेवारी देगा. यह सुविधा सिर्फ पुरुष यात्रियों के लिए ही नहीं होगी बल्कि महिला यात्रियों के लिए भी पूरी सुरक्षा के साथ सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी. इस परियोजना का शुभारंभ सावन के महीने में किया जा सकेगा. जसीडीह और सुल्तानगंज के रास्ते देवघर जाने वाले कांवरियों के लिए रेल प्रशासन का यह एक बड़ा तोहफा साबित हो सकता है. रेलवे सूत्रों के अनुसार पहले चरण में इन चार स्टेशनों से मिलने वाले फीडबैक और सफलता को देखते हुए आने वाले समय में आसनसोल रेल मंडल के अन्य सभी महत्वपूर्ण स्टेशनों पर भी इसका विस्तार किया जाएगा.

