PM मोदी के जन्मदिन से पहले देवघर AIIMS को मिली बड़ी सौगात, निशिकांत दुबे ने की ‘नमो जल सेवा’ की शुरुआत
देवघर AIIMS आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को अब शुद्ध पेयजल के लिए बाहर से बोतलबंद पानी खरीदने की जरूरत नहीं होगी. गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे ने AIIMS परिसर में 24 घंटे उपलब्ध रहने वाली निःशुल्क ‘नमो जल सेवा’ का उद्घाटन किया.
देवघर (DEOGHAR): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 17 सितंबर को होने वाले जन्मदिन से पहले देवघर AIIMS आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को बड़ी सुविधा मिली है.गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे ने AIIMS परिसर में निःशुल्क ‘नमो जल सेवा’ की शुरुआत की. इसके तहत अस्पताल आने वाले लोगों को पूरे साल 24 घंटे शुद्ध पेयजल मुफ्त उपलब्ध कराया जाएगा.
मरीजों और परिजनों को मिलेगी बड़ी राहत
झारखंड का एकमात्र AIIMS देवघर जिले के देवीपुर में संचालित है. यहां इलाज और चिकित्सकीय परामर्श के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज पहुंचते हैं. उनके साथ परिजन भी अस्पताल आते हैं. ऐसे में पीने के शुद्ध पानी की जरूरत को पूरा करने के लिए कई लोगों को बाहर से बोतलबंद या आरओ पानी खरीदना पड़ता था. इससे खासकर लंबे समय तक अस्पताल में रहने वाले मरीजों और उनके परिजनों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ता था. इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए AIIMS परिसर में निःशुल्क पेयजल उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है. यह सेवा एक कॉरपोरेट कंपनी के सीएसआर मद के सहयोग से शुरू की गई है.
निशिकांत दुबे ने किया नमो जल सेवा का उद्घाटन
गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे ने फीता काटकर ‘नमो जल सेवा’ का औपचारिक उद्घाटन किया. इस दौरान उन्होंने यहां उपलब्ध पानी पीकर सेवा की शुरुआत भी की. नई व्यवस्था के बाद AIIMS आने वाले मरीजों, तीमारदारों और अन्य लोगों को शुद्ध पेयजल के लिए पैसे खर्च करने की जरूरत नहीं पड़ेगी.उद्घाटन के दौरान सांसद निशिकांत दुबे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन 17 सितंबर को है और इसी अवसर की खुशी में AIIMS आने-जाने वाले लोगों को नमो जल सेवा की सौगात दी गई है. उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन और शासन का उल्लेख करते हुए कहा कि पार्टी और केंद्र सरकार लोगों के बीच जाकर सरकार की उपलब्धियों और आगे किए जाने वाले कार्यों की जानकारी देगी. उन्होंने 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य का भी जिक्र किया.
गोड्डा लोकसभा क्षेत्र में और जगह शुरू होगी सेवा
सांसद निशिकांत दुबे के मुताबिक, नमो जल सेवा को केवल देवघर AIIMS तक सीमित नहीं रखा जाएगा. 17 सितंबर के बाद गोड्डा लोकसभा क्षेत्र में करीब 10 से 12 स्थानों पर इस तरह की निःशुल्क पेयजल सेवा शुरू करने की योजना है. इसका उद्देश्य जरूरतमंद लोगों को शुद्ध पानी उपलब्ध कराना और उन्हें बाहर से पानी खरीदने के खर्च से राहत देना है.
रिपोर्ट : प्रशांत कुमार