देवघर में 25 विशेष बच्चों ने भरी हेलीकॉप्टर से उड़ान, यादगार बना दिन, खुशी से खिले चेहरे

देवघर में 25 विशेष बच्चों ने भरी हेलीकॉप्टर से उड़ान, यादगार बना दिन, खुशी से खिले चेहरे

देवघर (DEOGHAR) :विश्वप्रसिद्ध राजकीय श्रावणी मेले के दौरान देवघर में संचालित विशेष हेलीकॉप्टर सेवा सरस कुंज के दिव्यांग और विशेष बच्चों के लिए यादगार बन गई. झारखंड सरकार और नागर विमानन (JFI) के सौजन्य से संचालित इस सेवा के तहत सरस कुंज के 25 बच्चों को हेलीकॉप्टर से हवाई यात्रा कराई गई. आसमान से बाबाधाम और देवघर की खूबसूरती देखकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे.

बच्चों को बारी-बारी से हेलीकॉप्टर की सैर कराई गई

उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया की उपस्थिति में बच्चों को बारी-बारी से हेलीकॉप्टर की सैर कराई गई. इस दौरान सुरक्षा के सभी जरूरी मानकों का ध्यान रखा गया. बच्चों में हवाई यात्रा को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला. हेलीकॉप्टर के उड़ान भरते ही बच्चों की खुशी देखते ही बन रही थी. ऊंचाई से देवघर शहर, बाबा बैद्यनाथ धाम और आसपास के खूबसूरत नजारों को देखकर बच्चे काफी उत्साहित हुए. कई बच्चों के लिए यह जीवन की पहली हवाई यात्रा थी. यात्रा पूरी होने के बाद बच्चों ने अपने अनुभव साझा करते हुए इसे जीवन के सबसे यादगार पलों में से एक बताया.

श्रावणी मेले को हमेशा के लिए यादगार बना दिया

उपायुक्त की पहल का उद्देश्य श्रावणी मेले में उपलब्ध इस विशेष हवाई सेवा की खुशी समाज के हर वर्ग तक पहुंचाना था. इसी सोच के तहत सरस कुंज के विशेष बच्चों को हवाई यात्रा का अवसर दिया गया. बच्चों और संस्थान के संचालकों ने इस पहल के लिए उपायुक्त का आभार जताया. श्रावणी मेले में संचालित हेलीकॉप्टर सेवा का उद्देश्य धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ वृद्ध, दिव्यांग श्रद्धालुओं और आम लोगों को कम समय में सुरक्षित एवं सुलभ हवाई दर्शन की सुविधा उपलब्ध कराना है. जिला प्रशासन की इस पहल ने विशेष बच्चों के चेहरों पर मुस्कान बिखेरने के साथ उनके लिए श्रावणी मेले को हमेशा के लिए यादगार बना दिया.

रिपोर्ट - प्रशांत कुमार