राष्ट्रीय विद्यालय (SGFI) कुश्ती प्रतियोगिता के लिए देवघर के 10 पहलवान चयनित
राष्ट्रीय विद्यालय खेल महासंघ (SGFI) की राष्ट्रीय विद्यालय कुश्ती प्रतियोगिता के लिए देवघर जिले के 10 पहलवानों का चयन किया गया है. इनमें से छह खिलाड़ी प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए दिल्ली रवाना हो गए हैं, जबकि शेष चार खिलाड़ी हरियाणा में आयोजित होने वाली प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे.
देवघर (DEOGHAR): राष्ट्रीय विद्यालय खेल महासंघ (SGFI) की राष्ट्रीय विद्यालय कुश्ती प्रतियोगिता के लिए देवघर जिले के 10 पहलवानों का चयन किया गया है. इनमें से छह खिलाड़ी प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए दिल्ली रवाना हो गए हैं, जबकि शेष चार खिलाड़ी हरियाणा में आयोजित होने वाली प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे.
दिल्ली के छत्रसाल स्टेडियम में 31 अक्टूबर से 5 नवंबर तक आयोजित होने वाली राष्ट्रीय विद्यालय कुश्ती प्रतियोगिता में देवघर के चयनित पहलवान विभिन्न भार वर्गों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे. प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए रवाना होने वाले खिलाड़ियों में अंडर-14 वर्ग के भविष्य कुमार यादव (35 किलोग्राम) एवं मानसी टुडे (42 किलोग्राम) शामिल हैं. वहीं, अंडर-17 वर्ग में 52 किलोग्राम भार वर्ग के विक्की कुमार, 110 किलोग्राम भार वर्ग के मनीष झा तथा बालिका वर्ग में 65 किलोग्राम भार वर्ग की विद्या कुमारी और 69 किलोग्राम भार वर्ग की अंशिका कुमारी पोद्दार दिल्ली के लिए रवाना हुई है.
इस अवसर पर जिला कुश्ती संघ के अध्यक्ष अभिजीत कुमार ने देवघर रेलवे स्टेशन पर खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए विदाई दी. उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और उम्मीद जताई कि सभी पहलवान प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर देवघर जिले का नाम रोशन करेंगे.
वहीं, जिला कुश्ती संघ की सचिव पायल कुमारी ने कहा कि देवघर जिले के 10 पहलवानों का राष्ट्रीय विद्यालय कुश्ती प्रतियोगिता के लिए चयन होना जिले के लिए गर्व की बात है. यह खिलाड़ियों की मेहनत, लगन और निरंतर अभ्यास का परिणाम है. उन्होंने सभी चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे प्रतियोगिता में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करें और पदक जीतकर देवघर जिले एवं झारखंड का नाम रोशन करें. उन्होंने उम्मीद जताई कि खिलाड़ियों की सफलता से जिले के अन्य युवा भी कुश्ती के प्रति प्रेरित होंगे. देवघर के पहलवानों के चयन से खेल प्रेमियों में खुशी का माहौल है. खिलाड़ियों से प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पदक जीतने की उम्मीद की जा रही है.
रिपोर्ट: प्रशांत कुमार