60 लाख के गहनों की चोरी का खुलासा, गुलगुलिया गैंग का शातिर चढ़ा पुलिस के हत्थे

60 लाख के गहनों की चोरी का खुलासा, गुलगुलिया गैंग का शातिर चढ़ा पुलिस के हत्थे

चतरा(CHATRA): चतरा जिले के इटखोरी बाजार में ज्वेलरी व्यवसायी दिलीप सोनी की बाइक की डिक्की से करीब 60 लाख रुपये मूल्य के जेवरात चोरी मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. इस मामले में पुलिस ने उड़ीसा के जाखापुर थाना क्षेत्र के दशमनिया गांव निवासी दीपक प्रधान को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, दीपक प्रधान कुख्यात गुलगुलिया गिरोह का सक्रिय सदस्य है.

पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी ने प्रेस वार्ता कर पूरे मामले की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि आरोपी पहले भी चोरी, छिनतई और बाइक की डिक्की से सामान उड़ाने जैसी कई घटनाओं में शामिल रहा है. पुलिस उसके आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है. शुरुआती जांच में उसके चतरा जिले के पत्थलगड़ा और जोरी थाना क्षेत्रों में भी ज्वेलरी कारोबारियों को निशाना बनाने की आशंका सामने आई है.

जांच में पता चला कि आरोपी ने घटना को अंजाम देने से पहले कई दिनों तक ज्वेलरी दुकान की रेकी की थी. वह ग्राहक बनकर दुकान पहुंचा और आधा किलो चोरी का सोना सस्ते दाम में बेचने का झांसा दिया. इसी बहाने उसने व्यवसायी की दिनचर्या, आने-जाने के समय और जेवरात ले जाने की जानकारी जुटाई. इसके बाद योजना बनाकर बाइक की डिक्की से लाखों रुपये के गहने चोरी कर लिए.

पुलिस के मुताबिक, यह गिरोह उड़ीसा से संचालित होता है. गिरोह का सरगना आकाश प्रधान बताया जा रहा है, जो सदस्यों को अपराध के लिए अलग-अलग राज्यों में भेजता था. गिरोह में उड़ीसा के कई युवक शामिल हैं, जो चोरी और छिनतई की घटनाओं को अंजाम देते थे.

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह के सदस्यों को हैदराबाद में विशेष ट्रेनिंग दी जाती थी. उन्हें बाइक और कार की डिक्की खोलने, रेकी करने, भीड़ में पहचान छिपाने और वारदात के बाद तेजी से फरार होने की तकनीक सिखाई जाती थी.

फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में छापेमारी जारी है. अधिकारियों का कहना है कि जांच आगे बढ़ने पर चोरी की अन्य घटनाओं का भी खुलासा हो सकता है.