CHATRA:चतरा पुलिस ने समय रहते कार्रवाई करते हुए भाकपा माओवादी संगठन की कथित साजिश को विफल करने का दावा किया है. गुप्त सूचना के आधार पर चलाए गए अभियान में पुलिस ने दो संदिग्ध माओवादियों को गिरफ्तार किया है. उनके पास से हथियार, जिंदा कारतूस, पेट्रोल और आगजनी में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री बरामद की गई है. पुलिस का कहना है कि दोनों इलाके में फायरिंग और मालवाहक वाहनों में आग लगाकर दहशत फैलाने की योजना बना रहे थे.
इस मामले का खुलासा मंगलवार को एसपी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) सन्नी वर्धन ने किया. उन्होंने बताया कि 3 अगस्त को पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी को गुप्त सूचना मिली थी कि दो संदिग्ध युवक कुन्दा से प्रतापपुर-जोरी मार्ग होते हुए भुईयांडीह घाटी की ओर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के इरादे से जा रहे हैं.
सूचना मिलते ही एसपी के निर्देश पर एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया. पुलिस ने प्रतापपुर-कुन्दा मुख्य मार्ग पर बलवादोहर गांव के पास एंटी क्राइम चेकिंग अभियान शुरू किया. इसी दौरान कुन्दा की ओर से आ रही एक मोटरसाइकिल को रोकने का प्रयास किया गया. पुलिस को देखकर बाइक सवार दोनों युवक भागने लगे, लेकिन पीछा कर उन्हें पकड़ लिया गया.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुन्दा थाना क्षेत्र के कोजरम गांव निवासी 22 वर्षीय सुरेन्द्र गंझू और करिल गड़वा निवासी 20 वर्षीय संजय गंझू के रूप में हुई है.
पुलिस पूछताछ में दोनों ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि वे भाकपा माओवादी संगठन के जोनल कमांडर मनोहर गंझू के निर्देश पर भुईयांडीह घाटी में फायरिंग करने और मालवाहक वाहनों में आग लगाने की योजना के तहत जा रहे थे. पुलिस के अनुसार, उनका उद्देश्य क्षेत्र में भय का माहौल बनाकर माओवादी संगठन की मौजूदगी और सक्रियता का संदेश देना था.
एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने बताया कि चतरा जिले में कमजोर पड़ चुके माओवादी नेटवर्क को दोबारा सक्रिय करने की कोशिश की जा रही है. इसके लिए नए युवाओं को संगठन से जोड़ने का प्रयास भी किया जा रहा है. पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और इस मामले से जुड़े अन्य संदिग्धों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है.
तलाशी के दौरान पुलिस ने दोनों के कब्जे से एक देशी पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस, लगभग एक लीटर पेट्रोल, एक माचिस, घटना में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं. बरामद सामान को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

