चतरा: सड़क की बदहाली ने कराया बड़ा हादसा, गड्ढे में गिरते ही हाइवा के नीचे आया युवक

चतरा: सड़क की बदहाली ने कराया बड़ा हादसा, गड्ढे में गिरते ही हाइवा के नीचे आया युवक

चतरा: शहर के बस स्टैंड के समीप जर्जर सड़क और गहरे गड्ढों की वजह से एक गंभीर सड़क दुर्घटना हो गई. हादसे में एक बाइक सवार युवक बुरी तरह घायल हो गया. बताया जा रहा है कि सड़क पर बने बड़े गड्ढे से बचने के प्रयास में बाइक का संतुलन बिगड़ गया और चालक सड़क पर गिर पड़ा. इसी दौरान पीछे से आ रहा कोयला और फ्लाई ऐश (राख) से लदा एक हाइवा उसके ऊपर से गुजर गया, जिससे युवक का बायां हाथ पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.

हादसा इतना भयावह था कि आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर दौड़ पड़े. घायल की पहचान दिभा मोहल्ला निवासी शिवदयाल शर्मा के रूप में हुई है. दुर्घटना के समय हाइवा चतरा से सिमरिया की ओर जा रहा था. स्थानीय लोगों ने बिना देर किए पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी, जिसके बाद राहत कार्य शुरू किया गया.

सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल चतरा सदर अस्पताल पहुंचाया. प्राथमिक उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उसकी स्थिति बेहद गंभीर पाई. हाथ में गंभीर चोट और अधिक रक्तस्राव को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया.

पुलिस ने दुर्घटना के बाद संबंधित हाइवा को अपने कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है. वहीं स्थानीय लोगों ने खराब सड़क और लंबे समय से बने गहरे गड्ढों को हादसे की मुख्य वजह बताया है. लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क की मरम्मत कराई जाती, तो इस तरह की गंभीर दुर्घटना से बचा जा सकता था. प्रशासन से सड़क की तत्काल मरम्मत कराने की मांग भी उठने लगी है.