चतरा पुलिस की बड़ी करवाई! अमेरिकी हथियार के साथ जीजा-साला गिरफ्तार, बड़े कारोबारी थे निशाने पर

चतरा जिले के कुंदा थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी आपराधिक वारदात की साजिश को नाकाम करते हुए जीजा-साला को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, दोनों इलाके के स्वर्ण कारोबारियों और बड़े व्यवसायियों को निशाना बनाने की तैयारी कर रहे थे.

चतरा पुलिस की बड़ी करवाई! अमेरिकी हथियार के साथ जीजा-साला गिरफ्तार, बड़े कारोबारी थे निशाने पर

चतरा (CHATRA): जिले के कुंदा थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी आपराधिक वारदात की साजिश को नाकाम करते हुए जीजा-साला को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, दोनों इलाके के स्वर्ण कारोबारियों और बड़े व्यवसायियों को निशाना बनाने की तैयारी कर रहे थे. उनके पास से एक अवैध पिस्टल, कारतूस और घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की गई है.

पुलिस ने की छापेमारी

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मांझीपाड़ा निवासी दशरथ कुमार भारती और एकता गांव के मरगड़ा टोला निवासी विक्रम कुमार के रूप में हुई है. अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सन्नी वर्धन ने बताया कि पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि एकता गांव में कुछ संदिग्ध लोग अवैध हथियार के साथ किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं. सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी अमित कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई. टीम ने इलाके में छापेमारी अभियान शुरू किया.

पुलिस को देखकर भागने लगा आरोपी

इसी दौरान पिंजनी गांव के पड़रियाबर टोला स्थित तीन मोहान के पास पुलिस की नजर एक मोटरसाइकिल सवार युवक पर पड़ी. पुलिस को देखते ही युवक भागने लगा. हालांकि, जवानों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया. तलाशी लेने पर उसके पास से मेड इन यूएसए नंबर-11 लिखा एक पिस्टल, 9 एमएम का एक कारतूस और दो मिस फायर गोलियां बरामद हुईं. पुलिस ने मौके से हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली.

साले ने उपलब्ध कराया था हथियार

पुलिस पूछताछ में दशरथ कुमार भारती ने बताया कि उसके साले विक्रम कुमार ने उसे हथियार उपलब्ध कराया था. दोनों मिलकर इलाके के स्वर्ण कारोबारियों और अन्य बड़े व्यवसायियों को निशाना बनाने की योजना बना रहे थे. इसके बाद पुलिस ने विक्रम को भी गिरफ्तार कर लिया. एसडीपीओ ने बताया कि दशरथ का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है. उसके खिलाफ कुंदा थाना में एक अन्य मामला भी दर्ज है. इस कार्रवाई में पुलिस अवर निरीक्षक श्रीकांत पांडेय, एएसआई अशोक कुमार मंडल, नागेश्वर पंडित समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल थे. पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.