चतरा में बड़ा हादसा! नदी किनारे दो बच्चों के शव मिलने से सनसनी, तीसरे की तलाश जारी

चतरा के घूरनाडीह गांव में कड़गु पटेर नदी से दो बच्चों के शव मिलने से सनसनी फैल गई. दोनों की पहचान नहीं हो सकी है, जबकि तीसरे बच्चे की तलाश जारी है.

चतरा में बड़ा हादसा! नदी किनारे दो बच्चों के शव मिलने से सनसनी, तीसरे की तलाश जारी

चतरा(CHATRA): जिले के सदर थाना क्षेत्र स्थित घूरनाडीह गांव में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब कड़गु पटेर नदी चटनिया में दो बच्चों के शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिले. एक बच्चे का शव नदी के भीतर से बरामद किया गया, जबकि दूसरे का शव नदी के किनारे पड़ा मिला. दोनों मृतकों की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है. शुरुआती जानकारी के अनुसार, तीन दोस्त शुक्रवार को पिकनिक मनाने के लिए नदी के पास पहुंचे थे. बताया जा रहा है कि तीनों ने वहां पास्ता बनाकर खाया और इसके बाद नदी में नहाने चले गए. नहाने के दौरान वे गहरे पानी में चले गए, जिसके बाद हादसा होने की आशंका जताई जा रही है.

घटना के बाद दो बच्चों के शव तो बरामद हो गए, लेकिन तीसरे बच्चे का अब तक कोई सुराग नहीं मिला है. यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि वह भी नदी में डूब गया या किसी तरह वहां से निकलकर चला गया. नदी में बच्चों के शव देखकर स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत सदर थाना पुलिस को सूचना दी. जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शवों को नदी से बाहर निकाला. पुलिस ने दोनों बच्चों की पहचान कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. साथ ही तीसरे बच्चे की तलाश के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं. घटना की जानकारी फैलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए.

जांच के दौरान घटनास्थल के आसपास से कई सामान भी बरामद किए गए हैं. ग्रामीणों को मौके पर दो साइकिल, तीन जोड़ी चप्पल, दो बैग और अन्य सामान मिला है. इन सामानों के आधार पर पुलिस बच्चों की पहचान करने की कोशिश कर रही है. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि बरामद सभी वस्तुएं उन्हीं तीन बच्चों की हैं या घटनास्थल पर पहले से किसी अन्य व्यक्ति का सामान मौजूद था. पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है और तीसरे बच्चे के बारे में जानकारी जुटाने के लिए आसपास के इलाकों में भी तलाश की जा रही है. घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्र में चिंता और शोक का माहौल है.