चतरा: पिकअप पलटने से 15 मवेशियों की मौत, हादसे के बाद चालक फरार
चतरा के मयूरहंड थाना क्षेत्र में मवेशियों से लदा पिकअप वाहन पलट गया. हादसे में 15 मवेशियों की मौत हो गई, जबकि 3-4 घायल हैं. चालक और उपचालक मौके से फरार हो गए.
चतरा के मयूरहंड थाना क्षेत्र में मवेशियों से लदा पिकअप वाहन पलट गया. हादसे में 15 मवेशियों की मौत हो गई, जबकि 3-4 घायल हैं. चालक और उपचालक मौके से फरार हो गए.
चतरा(CHATRA): जिले के मयूरहंड थाना क्षेत्र में शनिवार एक सड़क हादसा हो गया. चतरा-हजारीबाग मुख्य मार्ग पर पंचमो जंगल के समीप मवेशियों से भरा पिकअप वाहन अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया. हादसा इतना भीषण था कि वाहन में लदे 15 मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब 3 से 4 मवेशी घायल हो गए. शुरुआती जानकारी के अनुसार, पिकअप में उसकी क्षमता से अधिक मवेशियों को भरकर ले जाया जा रहा था. इसी दौरान पंचमो जंगल के पास वाहन चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और तेज रफ्तार पिकअप सड़क पर पलट गया.
वाहन के पलटते ही चालक और उपचालक मौके से फरार हो गए. सुबह के समय हुई इस घटना की जानकारी आसपास के ग्रामीणों को मिली, जिसके बाद बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंच गए. ग्रामीणों ने वाहन में फंसे मवेशियों को बाहर निकालने का प्रयास किया. इस दौरान कई मवेशी मृत मिले, जबकि कुछ घायल अवस्था में बाहर निकाले गए. घटना की सूचना मिलते ही मयूरहंड थाना प्रभारी राहुल दुबे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और हादसे से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई.
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वाहन को अपने कब्जे में ले लिया है. वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर अब उसके मालिक और मवेशियों को ले जाने वाले लोगों की पहचान की जा रही है. पुलिस फरार चालक और उपचालक की तलाश में जुट गई है. साथ ही यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि मवेशियों को कहां से लाया गया था और उन्हें किस जगह ले जाया जा रहा था. क्षमता से अधिक मवेशियों को वाहन में लादे जाने की बात सामने आने के बाद पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है. जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.