बड़ी खबर: फिर भिड़े पुलिस और राहुल दुबे गैंग के अपराधी, मुठभेड़ में एक बदमाश को लगी गोली

चतरा के टंडवा थाना क्षेत्र में पुलिस और राहुल दुबे गैंग के बीच मुठभेड़ हुई. गोली लगने से गैंग का एक अपराधी घायल हो गया. घटना की पुष्टि चतरा एसपी ने की है.

बड़ी खबर: फिर भिड़े पुलिस और राहुल दुबे गैंग के अपराधी, मुठभेड़ में एक बदमाश को लगी गोली

चतरा (CHATRA): जिले के टंडवा थाना क्षेत्र में बुधवार को पुलिस और कुख्यात राहुल दुबे गैंग के सदस्यों के बीच मुठभेड़ हो गई. इस दौरान गैंग के एक अपराधी को गोली लगी है, जिससे वह घायल हो गया. घटना की पुष्टि चतरा एसपी अनिमेष नैथानी ने की है. हालांकि, घायल अपराधी की पहचान और उसकी स्थिति को लेकर फिलहाल विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है.

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, राहुल दुबे गैंग के कुछ सदस्य टंडवा क्षेत्र में किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे थे. इसकी भनक पुलिस को गुप्त सूचना के माध्यम से मिली. सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके में छापेमारी अभियान शुरू किया. इसी दौरान पुलिस का सामना गैंग के सदस्यों से हो गया और दोनों ओर से गोलीबारी शुरू हो गई. मुठभेड़ में गिरोह का एक सदस्य गोली लगने से घायल हो गया. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. मुठभेड़ और पुलिस कार्रवाई से जुड़ी अन्य जानकारी जल्द सामने आने की संभावना है.

हजारीबाग में भी हुई थी राहुल दुबे गैंग से मुठभेड़
गौरतलब है कि सोमवार को हजारीबाग जिले के कटकमसांडी थाना क्षेत्र में भी पुलिस और राहुल दुबे गैंग के सदस्यों के बीच मुठभेड़ हुई थी. डांटोखुर्द के पास रेबर गांव स्थित चरेवा टांड में हुई इस कार्रवाई के दौरान गिरोह के दो अपराधी घायल हो गए थे. ऐसे में घायलों की पहचान हजारीबाग जिले के पदमा निवासी दीप नारायण भगत, पिता बिल्टू साव, और चतरा जिले के नगवां थाना क्षेत्र निवासी राहुल कुमार उर्फ रॉकी, पिता द्वारिका रविदास, के रूप में हुई थी. पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा था. हजारीबाग में हुई मुठभेड़ के बाद अब चतरा के टंडवा में गैंग के सदस्यों के साथ पुलिस की भिड़ंत हुई है. लगातार सामने आ रही इन घटनाओं के बीच पुलिस गिरोह की गतिविधियों पर नजर रख रही है.