चतरा मंडल कारा में बंद उग्रवादी ने की आत्महत्या, फंदे से लटका मिला शव

चतरा मंडल कारा में बंद उग्रवादी ने की आत्महत्या, फंदे से लटका मिला शव

चतरा (CHATRA):  चतरा मंडल कारा में आर्म्स एक्ट के मामले में बंद कथित उग्रवादी मंटू गंझू उर्फ दिलेश ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. जेल कर्मियों ने आनन-फानन में उसे इलाज के लिए चतरा सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. मंटू गंझू पलामू जिले के मनातू थाना क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है. जानकारी के मुताबिक, वह पिछले करीब दो वर्षों से चतरा मंडल कारा में बंद था. घटना की जानकारी मिलने के बाद जिला प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है. फिलहाल मौत के कारणों को लेकर आधिकारिक स्तर पर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है. शव का मेडिकल बोर्ड की निगरानी में पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, जिससे मौत की परिस्थितियों की जानकारी जुटाई जा सके.

मंटू गंझू के शव का पोस्टमार्टम जिला प्रशासन की निगरानी में गठित मेडिकल बोर्ड द्वारा किया जा रहा है. बोर्ड में हंटरगंज अंचल अधिकारी रितिक कुमार को मजिस्ट्रेट के रूप में शामिल किया गया है. इसके अलावा सदर अस्पताल के वरीय चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अजहर, डॉ. बिनय मेहता और डॉ. शैलेन्द्र कुमार भी मेडिकल बोर्ड का हिस्सा हैं. प्रशासन की ओर से पोस्टमार्टम प्रक्रिया को लेकर आवश्यक सावधानियां बरती जा रही हैं. पुलिस और जेल प्रशासन घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी जुटाने में लगे हैं. पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद मौत की वास्तविक वजह और घटनाक्रम को लेकर स्थिति अधिक स्पष्ट होने की उम्मीद है.

बताया जा रहा है कि मंटू गंझू को कुंदा थाना क्षेत्र के हिंदिया कला इलाके में ग्रामीणों ने हथियार के साथ पकड़कर पुलिस के हवाले किया था. आरोप है कि वह गांव में बन रहे बिरहोर आवास से लेवी वसूलने और ग्रामीणों को डराने-धमकाने पहुंचा था. ग्रामीणों ने उसे पकड़ने के बाद कुंदा थाना पुलिस को सौंप दिया था, जिसके बाद कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे जेल भेजा गया था. घटना के बाद मृतक के परिजनों ने जेल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है. वहीं, जेल और जिला प्रशासन के अधिकारी फिलहाल मामले पर विस्तृत टिप्पणी करने से बच रहे हैं. अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और प्रशासनिक जांच के निष्कर्ष से ही कई सवालों के जवाब मिल सकेंगे.