चतरा(CHATRA): झारखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने चतरा दौरे के दौरान राज्य सरकार पर राजनीतिक प्रतिशोध का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं को झूठे मामलों में फंसाकर उनकी आवाज दबाने की कोशिश की जा रही है. आदित्य साहू चतरा मंडल कारा पहुंचे, जहां उन्होंने भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश कोषाध्यक्ष श्रीनिवास कुमार और जिला मीडिया प्रभारी काली यादव से मुलाकात की. इसके बाद सर्किट हाउस में प्रेस वार्ता कर उन्होंने सरकार और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए.
आदित्य साहू ने कहा कि जो लोग अवैध खनन, अवैध ढुलाई, जुआ और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों को उठा रहे हैं, उन्हें ही निशाना बनाया जा रहा है. उनका आरोप है कि श्रीनिवास कुमार लगातार स्थानीय स्तर पर हो रही कथित अनियमितताओं और अवैध गतिविधियों के खिलाफ आवाज उठा रहे थे. इसी वजह से उन्हें पहले धमकियां मिलीं और बाद में उनके खिलाफ कार्रवाई कर जेल भेज दिया गया.
उन्होंने कहा कि अगर कानून के तहत कार्रवाई करनी थी तो स्थानीय स्तर पर भी की जा सकती थी. लेकिन जिस तरह रांची जाकर गिरफ्तारी की गई, उससे यह कार्रवाई राजनीतिक दबाव में की गई लगती है. उन्होंने मांग की कि भाजपा कार्यकर्ताओं पर दर्ज सभी कथित झूठे मामलों की निष्पक्ष समीक्षा कर उन्हें वापस लिया जाए. साथ ही पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए.
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने चेतावनी दी कि यदि निर्दोष कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न नहीं रुका और मामले वापस नहीं लिए गए तो पार्टी पूरे राज्य में लोकतांत्रिक तरीके से बड़ा जनआंदोलन करेगी. उन्होंने कहा कि भाजपा का हर कार्यकर्ता न्याय और लोकतंत्र की रक्षा के लिए सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करेगा.
अपने चतरा दौरे के दौरान आदित्य साहू उन परिवारों से भी मिले, जिन्होंने हाल ही में अनियंत्रित कोयला ढुलाई के दौरान सड़क हादसों में अपने परिजनों को खो दिया था. उन्होंने CRPF जवान लक्ष्मण यादव और सहदेव यादव के घर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवारों को ढांढस बंधाया.
इस दौरान उन्होंने कहा कि अवैध कोयला परिवहन और बेलगाम हाइवा की वजह से चतरा में कई लोगों की जान जा चुकी है. यह सिर्फ हादसा नहीं, बल्कि प्रशासनिक लापरवाही का नतीजा है. उन्होंने सरकार से दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने, अवैध ढुलाई पर रोक लगाने और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की. उन्होंने भरोसा दिलाया कि भाजपा पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी रहेगी और उनके न्याय की लड़ाई में हर संभव सहयोग करेगी.
