चतरा (CHATRA): झारखंड के चतरा जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में छुट्टी पर घर आए केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के जवान की तेज रफ्तार हाईवा की चपेट में आने से मौत हो गई. हादसे के बाद परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया. लोगों ने शव को सड़क पर रखकर मुख्य मार्ग जाम कर दिया और प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की.
मृतक की पहचान लक्ष्मण कुमार यादव (28) के रूप में हुई है, जो सिमरिया थाना क्षेत्र के बिराजपुर गांव के रहने वाले थे. बताया जा रहा है कि वह करीब एक सप्ताह पहले एक महीने की छुट्टी लेकर अपने घर आए थे. गुरुवार को वह बाइक से सिमरिया से अपने गांव लौट रहे थे. इसी दौरान देल्हो घाटी के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार हाईवा ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में गंभीर रूप से घायल जवान को पहले सिमरिया रेफरल अस्पताल ले जाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग और फिर रांची के रिम्स रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया.
घटना के बाद हाईवा चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर लिया. फरार चालक की तलाश में छापेमारी की जा रही है. प्रशासन ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है. जवान की मौत से नाराज ग्रामीणों और परिजनों ने चतरा-सिमरिया मुख्य मार्ग पर प्रदर्शन करते हुए दोषी चालक की तत्काल गिरफ्तारी, पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और इस मार्ग पर तेज रफ्तार कोयला वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण की मांग की. प्रदर्शनकारियों का कहना है कि इस सड़क पर भारी वाहनों की लापरवाही के कारण लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन अब तक ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं. वहीं, प्रशासन और पुलिस जाम समाप्त कराने तथा लोगों को शांत कराने का प्रयास कर रही है.

